जींद : तीन हजार पेयजल कनैक्शन नियमित करने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए विभाग ने लगाया दम
जींद, 14 सितंबर (हि.स.)। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा शहर में तीन हजार पेयजल कनेक्शन नियमित करने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए पूरा दम लगा दिया है। जींद शहर में पेयजल व सीवरेज के कनैक्शन काफी अवैध हैं। इन कनैक्शनों को वैध करवाने के लिए विभाग द्वारा अभियान शुरू किया गया है।
इस अभियान के तहत जींद शहर में छह टीमों का गठन कनिष्ठ अभियंता व खंड समन्वयक के नेतृत्व में किया गया है। टीम द्वारा घर-घर जाकर पेयजल व सीवरेज के कनैक्शन चैक किए जा रहे हैं। जिन उपभोक्ताओं के कनैक्शन नियमित नही हैं, उन उपभोक्ताओं के कनैक्शन टीम द्वारा मौके पर ही ऑनलाइन नियमित किए जा रहे हैं। जींद शहर में करीब 39088 घर हैं। जबकि विश्वास की साइट पर केवल 18459 पेयजल कनैक्शन ही नियमित करके अपलोड किए गए हैं। मुख्य कार्यालय द्वारा जींद शहर में 31 मार्च 2027 तक 10500 पेयजल नियमित करने का लक्ष्य रखा गया है। यह लक्ष्य जुलाई से 30 सितंबर तक तीन हजार पेयजल कनैक्शन, अक्टूबर से दिसंबर 3500 व जनवरी से मार्च तक चार हजार पेयजल कनैक्शन नियमित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही सीवरेज कनैक्शन नियमित करने का भी लक्ष्य रखा गया है।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता भानु प्रकाश शर्मा ने सोमवार को बताया कि शहर में हर घर का पेयजल व सीवरेज का हर कनैक्शन नियमित किया जाएगा। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग व जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन द्वारा जींद शहर में चलाए जा रहे अभियान का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। कार्यकारी अभियंता ने कहा कि विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए विभाग द्वारा लगा कर मुनादी करवाई जा रही है ताकि लोग जल्दी से जल्दी अपने पेयजल व सीवरेज के कनैक्शन नियमित करवा सके। उन्होंने कहा कि जो उपभोक्ता तय समय सीमा में अपने पेयजल या सीवरेज के कनेक्शन नियमित नहीं करवाता है तो उसका कनेक्शन काट दिया जाएगा।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग व जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन के जिला सलाहकार डा. रणधीर मताना ने बताया कि जींद जिला के सभी पांचों शहर जींद, जुलाना, सफीदों, उचाना व नरवाना में जल संरक्षण अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान में पेयजल संरक्षण के साथ-साथ कनैक्शन नियमित व पेयजल और सीवरेज के बिल भरने के लिए उपभोक्ताओं को जागरूक किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

