home page

हिसार : साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करें, हर शिकायत पर तत्काल एक्शन लें : सिद्धांत जैन

 | 
हिसार : साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करें, हर शिकायत पर तत्काल एक्शन लें : सिद्धांत जैन


एसपी ने साइबर क्राइम थाना की रिव्यू मीटिंग में लंबित मामलों की समीक्षा की

ठगी की रकम होल्ड-रिफंड कराने और पूरे नेटवर्क तक पहुंचने पर जोर

हिसार, 18 सितंबर (हि.स.)। साइबर ठगी की शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई और

ठगी गई रकम को सुरक्षित कराने के लिए पुलिस ने साइबर क्राइम थाना स्तर पर निगरानी बढ़ा

दी है। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने शुक्रवार को साइबर क्राइम थाना में रिव्यू मीटिंग

लेकर लंबित मामलों, आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी तथा ठगी की रकम होल्ड और रिफंड कराने

की कार्रवाई की समीक्षा की। बैठक में एएसपी मयंक मुदगिल, थाना प्रभारी निरीक्षक ईश्वर

सिंह व साइबर मामलों के जांच अधिकारी मौजूद रहे।

एसपी ने जांच अधिकारियों को निर्देश दिए कि साइबर अपराध से जुड़ी प्रत्येक

शिकायत को गंभीरता और प्राथमिकता से लिया जाए। शिकायत मिलते ही बिना देरी तकनीकी और

कानूनी कार्रवाई शुरू की जाए। उन्होंने बैंकों और वित्तीय संस्थानों से प्रभावी समन्वय

कर ठगी की रकम को जल्द से जल्द होल्ड कराने तथा नियमानुसार पीड़ित को वापस करवाने के

निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि साइबर अपराध में समय सबसे महत्वपूर्ण है। जांच में देरी अपराधी

के लिए मौका बन सकती है। उन्होंने अधिकारियों को बैंकिंग ट्रांजेक्शन, मोबाइल नंबर,

डिजिटल डिवाइस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण कर आरोपियों तक पहुंचने के

निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई किसी एक आरोपी की गिरफ्तारी तक सीमित न रहे।

साइबर अपराधियों के गिरोह, बैंक खातों, डिजिटल लेन-देन और अपराध करने के तरीकों की

कड़ियां जोड़कर पूरे नेटवर्क का पता लगाया जाए और ठोस साक्ष्यों के आधार पर कानूनी

कार्रवाई की जाए।

एसपी ने साइबर ठगी के पीड़ितों से संवेदनशीलता से पेश आने और उन्हें शिकायत

प्रक्रिया व आगे की कार्रवाई के संबंध में उचित मार्गदर्शन देने के निर्देश भी दिए।

साथ ही आमजन को साइबर अपराध के नए तरीकों से बचाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाने

पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि साइबर अपराधों की जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही

बर्दाश्त नहीं होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर