पानीपत : विदेश भेजने के नाम पर कबूतरबाजों ने की लाखाें की ठगी
पानीपत, 03 अगस्त (हि.स.)। पानीपत के सेक्टर-29 थाने में कबूतरबाजी, मानव तस्करी और धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। स्टडी वीजा पर अमेरिका भेजने की चाहत में एक परिवार को शातिर ट्रैवल एजेंटों ने ठगी का शिकार बनाया। एजेंटों ने सीधे अमेरिका भेजने का झांसा देकर पीड़ित परिवार से 35 लाख रुपए में सौदा तय किया, लेकिन स्टडी वीजा पर भेजने के बजाय युवक को डंकी के जरिए ब्राजील, बोलीविया, पेरू, कोलंबिया और मेक्सिको के खौफनाक जंगलों से प्रताड़ित करते हुए ले जाया गया।
अमेरिका पहुंचने पर युवक को वहां की पुलिस ने गिरफ्तार कर डिटेंशन कैंप में बंद कर दिया । पुलिस अधीक्षक कार्यालय पानीपत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कबूतरबाजी, मानव तस्करी के आराेप में मामला दर्ज कर लिया है। एसपी को दी गई शिकायत में विकास नगर निवासी संजीव कुमार ने बताया कि उनका भतीजा विशाल पढ़ाई के लिए अमेरिका जाना चाहता था। इस सिलसिले में संजीव ने अपनी कॉलोनी में रहने वाले रोबिन से बात की। रोबिन ने उन्हें जीटी रोड स्थित गैलेक्सी टावर में अपने ऑफिस बुलाया।
वहां रोबिन ने संजीव की मुलाकात सोनू व बिल्लू निवासी गांव मोरखी, जिला जींद से करवाई। आरोपियों ने दावा किया कि उनका विदेश भेजने का नेटवर्क बेहद मजबूत है और वे विशाल को स्टडी वीजा पर सीधे भारत से अमेरिका भेजकर वहां काम भी दिलवा देंगे। सौदा 35 लाख रुपए में तय हुआ। आरोपियों के कहने पर 23 जुलाई 2024 को दस्तावेज सौंपे गए। 14 अगस्त 2024 को आरोपियों ने विशाल को दिल्ली से जहाज में बिठाया, लेकिन धोखाधड़ी करते हुए उसे अमेरिका की जगह ब्राजील भेज दिया, जहां उसे बंधक बना लिया गया। विशाल का फोन आने पर जब परिजनों ने विरोध किया, तो आरोपियों ने पैसों की मांग की।
पीड़ित संजीव ने 16 अगस्त 2024 को रिश्तेदारों से पैसे जुटाकर रोबिन के घर पर सोनू और बिल्लू को 21 लाख रुपए दिए। पैसे मिलने के बाद आरोपियों ने अपने साथी आशीष निवासी गांव पोपड़ा, असंध, करनाल के जरिए विशाल को बोलीविया, पेरू, इक्वाडोर और कोलंबिया के खतरनाक जंगलों के रास्ते पैदल आगे बढ़ाया। इस दौरान विशाल के पास मौजूद डॉलर छीन लिए गए, उसे खाने-पीने को नहीं दिया गया और लगातार मारपीट की गई।
डिटेंशन कैंप से विशाल के फोन आने के बाद परिजनों ने अमेरिका में वकील नियुक्त किया और करीब 18 लाख रुपए का जुर्माना व विधिक कानूनी खर्चा भरकर 26 फरवरी 2026 को विशाल की सकुशल भारत वापसी कराई। अब एसपी कार्यालय से जांच के बाद रविवार को सेक्टर 29 पुलिस थाने में आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

