home page

ईवी के लिए नया प्लांट लगाने में हरियाणा को प्राथमिकता देगी सुजुकी

 | 
ईवी के लिए नया प्लांट लगाने में हरियाणा को प्राथमिकता देगी सुजुकी


सीईओ तोशीहिरो सुजुकी ने की मुख्यमंत्री से मुलाकात

जापान में मनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव

चंडीगढ़, 23 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से गुरुवार को नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में सुजुकी मोटर के सीईओ तोशीहिरो सुजुकी ने मुलाकात की। इस दौरान सीईओ तोशीहिरो सुजुकी ने मुख्यमंत्री से वायदा किया कि सुजुकी मोटर भविष्य में भी हरियाणा के अंदर और निवेश करेगी। उन्होंने कहा कि भारत की प्रोग्रेस के साथ-साथ हरियाणा की प्रोग्रेस में भी उनकी कंपनी पूरा सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जापान और हरियाणा के बीच सांस्कृतिक सहयोग के लिए जापान में अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव आयोजित किया जाएगा। उन्होंने 20 जून को टोक्यो विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार में विशिष्ट अतिथि के रूप में आने के लिए सुजुकी के सीईओ तोशीहिरो सुजुकी को न्यौता भी दिया।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा पहले भी सुजुकी मोटर को सहयोग करता रहा है। उन्हें पूरी उम्मीद है कि भविष्य में सुजुकी मोटर हरियाणा में ही निवेश करेगी। उन्होंने कहा कि सुजुकी मोटर इकलौती ऐसी कंपनी है जिसे हरियाणा राज्य ने एसजीएसटी इनसेंटिव दिया है। इस पर सीईओ तोशीहिरो सुजुकी ने कहा कि वह भारत में हाईब्रिड और सीएनजी गाडिय़ों पर फोकस करेंगे। भविष्य में यदि उन्हें ईवी के लिए गाड़ियां बनानी पड़ी और नया प्लांट बनाया तो निश्चित रूप से निवेश के लिए उनकी पहल हरियाणा होगा।

उन्होंने कहा कि सुजुकी के साथ हरियाणा सरकार का कम्यूनिकेशन ऐसे ही बना रहे और हरियाणा सरकार का सहयोग मिलता रहे। उन्होंने कहा कि 1982-83 में सुजुकी को शुरू किया था, तब हमने पाया कि भारत और जापान के काम करने का तरीका अलग है लेकिन फिर भी भारत और जापान में बहुत सारी समानता है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जापान और हरियाणा के बीच सांस्कृतिक सहयोग बढ़ाने के लिए जून महीने में अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का आयोजन जापान में किया जाएगा। उन्होंने सुजुकी के सीईओ से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के दिव्य आयोजन में जापानी नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड को जापान के किसी प्रतिष्ठित सामाजिक संगठन के साथ जोडऩे में सहयोग करने का आग्रह किया। इस पर सीईओ तोशीहिरो ने विचार करने पर हामी भरी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा