home page

कैथल: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार पिता-पुत्र समेत तीन को कुचला, तीनों की मौत

 | 

कैथल, 28 नवंबर (हि.स.)। कैथल में तेज रफ्तार और लापरवाही ने तीन लोगों की जान ले ली। अनाज मंडी में विर्क प्लेस के सामने एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों सड़क पर गिर गए। आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक ने भागने की जल्दबाजी में गाड़ी उनके ऊपर दोबारा चढ़ा दी और मौके से फरार हो गया।

हादसे में पिता-पुत्र समेत तीनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कलायत निवासी अरविंद (40), उसके 10 वर्षीय बेटे अनुग्रह और गांव काैलेखां निवासी भुट्टो (35) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अरविंद अपने बेटे अनुग्रह और गांव काैलेखां निवासी भुट्टो के साथ स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर कलायत की तरफ जा रहा था। इसी दौरान अनाज मंडी में विर्क प्लेस के सामने तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक ने रुकने के बजाय वहां से भागने का प्रयास किया। इसी दौरान तीनों गाड़ी की चपेट में आ गए। हादसे को अंजाम देने के बाद चालक स्कॉर्पियो समेत फरार हो गया।

सड़क पर तीन लोगों को लहूलुहान हालत में देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घायलों को तुरंत कलायत के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कैथल नागरिक अस्पताल भेज दिया गया।

हादसे के बाद पुलिस की जांच में एक अहम जानकारी सामने आई है कि जिस स्कॉर्पियो से हादसा हुआ, वह जजपा के युवा जिला अध्यक्ष संपूर्ण कोयल के नाम पर बताई जा रही है। हालांकि, हादसे के समय गाड़ी कौन चला रहा था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस इसी कड़ी को जोड़ने में जुटी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी चालक की पहचान की जा सके। कलायत थाना से जांच अधिकारी एएसआई जसवीर सिंह ने बताया कि रात करीब 10 बजे हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो तीनों की मौत हो चुकी थी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए कैथल भेजा गया है। वहीं, थाना प्रभारी रणदीप सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में स्कॉर्पियो जजपा के युवा जिला अध्यक्ष संपूर्ण कोयल की होने की बात सामने आई है। पुलिस यह पता लगा रही है कि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे