रोहतक में शादीशुदा गर्लफ़्रेंड की हत्या कर युवक ने की आत्महत्या की कोशिश
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भेजा, युवक ने भी लगाई फांसी, पीजीआई में भर्ती
रोहतक, 26 अगस्त (हि.स.)। शहर के एक निजी होटल के कमरे में बुधवार को एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल की बारीकी से जांच कराई। युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार युवती सुबह नीरज नाम के एक युवक के साथ होटल पहुंची थी। यहां दोनों ने फर्जी आईडी पर कमरा लिया।
बताया जा रहा है कि दोपहर के समय युवक कुछ देर में वापस आने की बात कहकर होटल से चला गया, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। काफी देर तक कमरे से कोई गतिविधि नहीं होने पर होटल कर्मचारियों को अनहोनी की आशंका हुई। कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की मौजूदगी में कमरे की जांच की गई तो वहां युवती मृत मिली।
युवती की गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि युवक ने भी आत्महत्या का प्रयास किया है। वह पीजीआई में भर्ती है।
होटल रजिस्टर और सीसीटीवी रिकॉर्ड की जांच
घटना के बाद पुलिस ने होटल के रजिस्टर और अन्य रिकॉर्ड को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। होटल में युवती के साथ आने वाले युवक की पहचान और उसके आने-जाने से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। मृतका का नाम रूबी ओर युवक का नाम नीरज है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। युवती की मौत हत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
-----------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

