home page

सुपवा का एडमिशन पोर्टल लॉन्च, दाखिला प्रक्रिया शुरू

 | 
सुपवा का एडमिशन पोर्टल लॉन्च, दाखिला प्रक्रिया शुरू


अंडर ग्रेजुएट कोर्सेज के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू

पोस्ट ग्रेजुएट कोर्सेज के लिए 2 जून से होगा रजिस्ट्रेशन

रोहतक, 15 मई (हि.स.)। दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) में अंडर ग्रेजुएट कोर्सेज में दाखिले के लिए शुक्रवार को एडमिशन पोर्टल लॉन्च किया गया। इसके साथ ही अंडर ग्रेजुएट कोर्सेस में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो गई, जबकि पोस्ट ग्रेजुएट कोर्सेज के लिए 2 जून से रजिस्ट्रेशन विंडो ओपन होगी। एडमिशन पोर्टल लॉन्चिंग के साथ ही साल 2026-27 के लिए यूनिवर्सिटी के प्रोस्पेक्ट्स का विमोचन भी किया गया। फैकेल्टी ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर के कॉफ्रेंस रूम में एडमिशन पोर्टल लॉन्च करते हुए कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने कहा कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शिता के साथ अपनाते हुए क्वालिटी एडमिशन पर फोकस रखा जाए।

यूनिवर्सिटी परिसर में तुरंत हेल्प डेस्क शुरू कर दिया जाए, ताकि दाखिला लेने के इच्छुक छात्रों व उनके अभिभावकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस बार हेल्प डेस्क पर मोबाइल नंबरों के अलावा लैंड लाइन नंबर भी उपलब्ध रहेंगे, जिन पर छात्र दाखिले से संबंधी जानकारी हासिल कर सकेंगे। हेल्प डेस्क पर सभी फैकेल्टी और स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। इस दौरान रजिस्ट्रार डॉ गुंजन मलिक मनोचा, डीन अकेडमिक अफेयर्स डॉ अजय कौशिक, एफटीवी के एफसी महेश टीपी, डिजाइन की एफसी डॉ शैली खन्ना, विजुअल आर्ट़्स के एफसी विनय कुमार, आर्किटेक्चर के एफसी अजय बाहू जोशी, डायरेक्टर आईटी डॉ सीमा और अन्य विभागों के एचओडी भी मौजूद रहे।

दो नए पीजी कोर्स शुरू

कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने बताया कि इस बार डीएलसीसुपवा में दो नए पीजी कोर्स शुरू किए जा रहे हैं। ये विजुअल आर्ट्स फैकेल्टी व डिजाइन फैकेल्टी में संचालित होंगे। ये मास्टर ऑफ विजुअल आर्ट्स इन प्रिंटमेकिंग व मास्टर ऑफ डिजाइन इन टेक्सटाइल डिजाइन होंगे। ग्रेजुएशन पूरी करने वाले छात्र इनमें दाखिला ले सकेंगे।

यूजी कोर्सेस में दाखिले के लिए महत्वपूर्ण तारीखें

15 मई को सुपवा की वेबसाइट पर एडमिशन पोर्टल लॉन्चिंग के साथ ही यूजी कोर्सेज के लिए ऑनलाइन एडमिशन फॉर्म भरने की शुरुआत। 26 जून तक रजिस्ट्रेशन फीस के साथ भरे जा सकेंगे ऑनलाइन एडमिशन फॉर्म। 3 जुलाई को यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर एडमिट कार्ड उपलब्ध होंगे। 16 से 18 जुलाई तक प्रवेश परीक्षा व स्किल टेस्ट चलेंगे। 23 जुलाई को वेबसाइट व यूनिवर्सिटी के नोटिस बोर्ड पर फाइनल परिणाम घोषित होगा। 27 जुलाई को विजुअल आर्ट्स फैकेल्टी के तहत चलने वाले कोर्सेज की पहली काउंसिलिंग होगी, इसके साथ ही छात्र एडमिशन फीस जमा करा सकेंगे। 28 जुलाई को डिजाइन फैकेल्टी के तहत चलने वाले कार्सेज की पहली काउंसिलिंग की जाएगी व चयनित छात्र फीस जमा करा सकेंगे। फिल्म एंड टेलीविजन फैकेल्टी के तहत चलने वाले कोर्सेज की पहली काउंसिलिंग 27 से 29 जुलाई तक चलेगी और छात्र अपनी फीस जमा करा सकेंगे। 3 अगस्त को नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होगी।

पीजी कोर्सेस में दाखिले के लिए महत्वपूर्ण तारीखें

2 जून को सुपवा की वेबसाइट पर पीजी कोर्सेज के लिए ऑनलाइन एडमिशन फॉर्म भरने की शुरुआत होगी, 10 जुलाई तक रजिस्ट्रेशन फीस के साथ ऑनलाइन एडमिशन फॉर्म भरे जा सकेंगे। 17 जुलाई को यूनिवर्सिटी की वेबसाइट व नोटिस बोर्ड पर फाइनल परिणाम घोषित होगा। 24 जुलाई को पहली काउंसिलिंग होगी, इसके साथ ही छात्र एडमिशन फीस जमा करा सकेंगे। 3 अगस्त को नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल