home page

यमुनानगर : कनाडा हादसे में मारे गए उधम के परिवार के साथ खड़े हुए समाजिक संगठन

 | 
यमुनानगर : कनाडा हादसे में मारे गए उधम के परिवार के साथ खड़े हुए समाजिक संगठन


यमुनानगर, 05 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर निवासी युवक उधम प्रीत सिंह की कनाडा में सड़क दुर्घटना में हुई मृत्यु के बाद अब विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिया है। इस कड़ी में हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगदीश सिंह झिंडा ने अन्य प्रतिनिधियों के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया। उनके साथ रोटरी क्लब जगाधरी–यमुनानगर के अध्यक्ष मलविंदर सिंह और गुरुद्वारा सिंह सभा मॉडल कॉलोनी के प्रधान गुरबख्श सिंह भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार काे दिवंगत युवक के पिता गुरविंदर सिंह, माता तथा परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान परिवार को आश्वस्त किया गया कि दुख की इस घड़ी में वे अकेले नहीं हैं और सभी संगठन उनके साथ खड़े हैं। परिजनों के अनुसार प्रतिनिधियों ने भरोसा दिलाया कि वे इस मामले को लेकर राज्य सरकार के समक्ष भी बात उठाएंगे और अपने स्तर पर हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे, ताकि परिवार को राहत मिल सके। उल्लेखनीय है कि 24 वर्षीय उधम प्रीत सिंह की कनाडा में एक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। हादसे के बाद उनका पार्थिव शरीर अभी विदेश में ही है और परिवार उसे भारत लाने की प्रक्रिया को लेकर प्रयास कर रहा है। उधम प्रीत सिंह के पिता गुरविंदर सिंह शहर में फोटोग्राफी व्यवसाय से जुड़े हैं। उन्होंने वर्ष 2021 में बेटे को उच्च शिक्षा के लिए कनाडा भेजा था। परिवार को उम्मीद थी कि पढ़ाई पूरी कर वह बेहतर भविष्य बनाएगा, लेकिन अचानक हुए हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने भी परिवार के प्रति सहानुभूति व्यक्त की है। शहर में शोक का माहौल बना हुआ है और लोग चाहते हैं कि दिवंगत युवक का पार्थिव शरीर जल्द भारत लाया जाए, ताकि अंतिम संस्कार अपने घर में किया जा सके। परिवार को दी गई सहायता और सरकारी स्तर पर उठाए जाने वाले कदमों को लेकर अब लोगों की निगाहें आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार