home page

हिसार : सिप के नाम पर हो रही ऑनलाइन ठगी से रहें सावधान : सिद्धांत जैन

 | 
हिसार : सिप के नाम पर हो रही ऑनलाइन ठगी से रहें सावधान : सिद्धांत जैन


फर्जी निवेश ऐप व एजेंट बनकर लोगों को ऊंचे रिटर्न

का लालच देकर ठगी के मामले बढ़े

सोशल मीडिया, व्हाट्सएप व टेलीग्राम ग्रुप के

जरिए निवेश के नाम पर हो रही साइबर ठगी

हिसार, 07 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत

जैन ने जिले के नागरिकों को सिप (सिस्टमेटिम इन्वेस्टमेंट प्लान) के नाम पर हो रही

साइबर ठगी से सचेत रहने को कहा है। उनका कहना है कि आजकल साइबर अपराधी लोगों को निवेश

के नाम पर झांसा देकर उनके साथ धोखाधड़ी कर रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने मंगलवार काे बताया कि ठग फर्जी

निवेश ऐप, वेबसाइट या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों से संपर्क करते हैं

और उन्हें सिप में निवेश करने पर कम समय में अधिक मुनाफा देने का लालच देते हैं। कई

बार नकली कंपनी या एजेंट बनकर लोगों को भरोसे में लिया जाता है और शुरुआती छोटे रिटर्न

दिखाकर बड़ी रकम निवेश करने के लिए प्रेरित किया जाता है। उन्होंने बताया कि जैसे ही

व्यक्ति अधिक पैसा निवेश करता है, ठग उसका पैसा निकाल लेते हैं और ऐप या वेबसाइट बंद

कर देते हैं या संपर्क तोड़ देते हैं। कई मामलों में निवेशक को नकली डैशबोर्ड दिखाकर

झूठा मुनाफा भी दिखाया जाता है, जिससे वह और अधिक निवेश करता रहता है। उन्होंने स्पष्ट

किया कि किसी भी निवेश योजना में गारंटीड रिटर्न का दावा करना अक्सर धोखाधड़ी का संकेत

होता है। निवेश हमेशा प्रमाणित और अधिकृत संस्थाओं के माध्यम से ही करना चाहिए।

आमजन को ये रखनी चाहिए मुख्य सावधानियां

पुलिस की ओर से नागरिकों को सचेत करते हुए कहा

गया है कि केवल सेबी से पंजीकृत कंपनियों या एजेंट्स के माध्यम से ही निवेश करें, अनजान

ऐप, लिंक या वेबसाइट के जरिए सिप में निवेश न करें, सोशल मीडिया या व्हाट्सएप/टेलीग्राम

ग्रुप के जरिए दिए गए निवेश ऑफर पर भरोसा न करें, गारंटीड रिटर्न या बहुत ज्यादा मुनाफे

के दावे से सतर्क रहें, निवेश करने से पहले कंपनी की वैधता व रजिस्ट्रेशन की जांच अवश्य

करें, अपनी बैंक डिटेल, ओटीपी, पिन या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें।

ये संकेत मिले तो तुरंत हो जाएं सतर्क

कम समय में अधिक मुनाफे का वादा करना, बार-बार

अधिक पैसे निवेश करने का दबाव बनाना, नकली ऐप/डैशबोर्ड में फर्जी लाभ दिखाना, अचानक

संपर्क बंद कर देना या ऐप का काम करना बंद हो जाना

ठगी होने पर तुरंत दें शिकायत

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति

को इस प्रकार की साइबर ठगी का संदेह हो या वह इसका शिकार हो जाए, तो तुरंत राष्ट्रीय

साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं। साथ ही नजदीकी

थाना या साइबर सेल में भी सूचना दें। उन्होंने अपील की है कि आमजन जागरूक रहें और बिना

जांच-पड़ताल के किसी भी निवेश योजना में पैसा न लगाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर