home page

सपने वर्सेज एवरी वन में छाए सुपवा के छात्र

 | 

अमेजन प्राइम पर रिलीज हुआ वेबसीरीज का सीजन 2

चार छात्रों ने दिखाया अपनी अदाकारी का हुनर

रोहतक, 14 मई (हि.स.)। दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) के छात्र अपनी अदाकारी को लेकर इन दिनों चर्चा में है। सुपवा के चार छात्रों ने वेबसीरीज सपने वर्सेज एवरीवन के सीजन-2 में अपनी अदाकारी के हुनर की छाप छोड़ी है। वेबसीरीज 1 मई को अमेजन प्राइम पर रिलीज हुई है। इन चार में से तीन छात्र रोहतक जिले के ही निवासी हैं, जबकि एक दिल्ली का रहने वाला है। सपने वर्सेज एवरीवन के निर्देशक, लेखक के साथ मेन लीड में अंबरीश वर्मा स्वयं हैं। उन्होंने इसके सीजन-2 में डीएलसीसुपवा के 2015 एक्टिंग बैच के दिव्यांश देशवाल, गिरीश कत्याल, जतिन सरीन व 2021 बैच के अमन अहलावत को कास्ट किया। इनमें से दिव्यांश, गिरीश, अमन रोहतक जिले से ही संबद्ध हैं, जबकि जतिन दिल्ली निवासी है। दिव्यांश देशवाल स्पोर्टिंग एक्टर के तौर पर नजर आए हैं, तो गिरीश ने एक्टिंग के साथ ही असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर योगदान दिया है। जतिन हीरोइन के मंगेतर सोनू की भूमिका में हैं, तो अमन मेन लीड के पुत्र की भूमिका में हैं।

आशीष ने खोला छात्रों के लिए रास्ता

सपने वर्सेज एवरीवन के सीजन-1 में सुपवा के ही 2011 डायरेक्शन बैच के पूर्व छात्र एवं मौजूदा असिस्टेंट प्रोफेसर आशीष नेहरा ने रतन का किरदार निभाया था। अशीष मूल रूप से रोहतक जिले के ही निवासी हैं। आशीष के कार्य से निर्देशक, लेखक व अभिनेता अंबरीश वर्मा काफी प्रभावित हुए। आशीष ने ही वर्मा को सुपवा और यहां के छात्रों के टेंलेंट के बारे में बताया, जिसके बाद उन्होंने सीजन-2 में सुपवा के चार छात्रों को अलग-अलग रोल के लिए मौका दिया।

लगातार फिल्म इंडस्ट्री में रोशन कर रहे नाम दिव्यांश देशवाल

एड फिल्म, म्यूजिक विडियो व कई शॉर्ट फिल्म में अभिनय किया। फिल्म इंडस्ट्री की नजर आने के बाद कई बड़े प्रोजेक्ट मिलने लगे। ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर आई कई वेब सीरीज व फिल्मों में अभिनय कर चुके। स्टेज ऐप की फिल्म खच्चर में लीड रोल में रहे। लाइसेंस फिल्म में एक्टिंग की तारीफ हुई। स्टेज ऐप की ही वीर किसान फिल्म में मुख्य भूमिका में नजर आए। कई वेब सीरीज व फिल्मों में रोल ऑफर हो चुके, इनमें से कई प्रोजेक्ट अभी पाइप लाइन में।

गिरीश कत्यालः हरियाणवी के साथ ही ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर अभिनेता के साथ ही निर्देशन में भी हाथ आजमा रहे। लाइसेंस फिल्म के असोसिएट डायरेक्टर रहे। बेवफाइयां के क्रिएटिव डायरेक्टर, उड़ान की आशा के असोसिएट डायरेक्टर रहे। हेडशॉट, सेना, कागज सीजन-2, कॉलेज कांड, वेलापंती आदि दर्जन भर प्रोजेक्ट के निर्देशन में सहयोग कर चुके। अनिल कपूर के साथ विज्ञापन फिल्म में नजर आने के साथ ही सेना, वेलापंती, कॉलेज कांड, लाइसेंस आदि में एक्टिंग भी कर चुके।

जतिन सरीनः थियेटर से फिल्मी दुनिया तक का सफर। ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर आई कई फिल्मों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा चुके। नेटफलिक्स पर आई निर्देशक हंसल मेहता की फिल्म फराज व वेब सीरीज दिल्ली क्राइम सीजन-3, सोनी लिव पर आई निर्देशक तिग्मांशु धूलिया की फिल्म गरमी, जियो सिनेमा पर आई निर्देशक राज त्रिवेदी की फिल्म जो तेरा है वो मेरा है, में अपने अभिनय की खूशबू बिखेर चुके। काम की लगातार सराहना हो रही, इसलिए कई वेब सीरीज व फिल्मों में रोल ऑफर हो रहे।

अमन अहलावतः ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के लिए कई प्रोजेक्ट में कार्य कर चुके। एक गुजराती शॉर्ट फिल्म में दिव्यांग बच्चे की भूमिका निभाई, जो बेहद चुनौतीपूर्ण व मार्मिक किरदार रहा। इस अभिनय की जमकर सराहना हुई और सुर्खियों में आए। फिल्मी दुनिया की नजर में आने के बाद कई प्रोजेक्ट ऑफर हुए, जिन पर काम चल रहा है। एक्टिंग के दम पर मायानगरी में अपनी जगह पक्की करने की कोशिश में जुटे। सपने वर्सेज एवरीवन सीजन-2 में की एक्टिंग को मिल रही सराहना।

----

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल