home page

नूंह: केएमपी एक्सप्रेसवे पर हादसे में घायल ईएसआई की मौत

 | 
नूंह: केएमपी एक्सप्रेसवे पर हादसे में घायल ईएसआई की मौत


नूंह, 10 जुलाई (हि.स.)। नूंह जिले के तावडू उपमंडल के अंतर्गत थाना मोहम्मदपुर अहीर क्षेत्र में कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर गोवंश को बचाने के लिए चलाए जा रहे रेस्क्यू अभियान के दौरान घायल हुए उप-निरीक्षक (ईएसआई) मुकेश कुमार का शुक्रवार को उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन से हरियाणा पुलिस में शोक की लहर दौड़ गई है।

गौरतलब है कि गुरुवार सुबह पुलिस टीम को गो-तस्करी की सूचना मिली थी। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गोवंश से भरे एक कैंटर को रोककर उसमें से 15 गायों को मुक्त कराया और एक गो-तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। इसी दौरान पुलिस टीम एक्सप्रेसवे पर आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई थी कि तेज रफ्तार से आए एक वाहन ने दो पुलिस कर्मियों को अपनी चपेट में ले लिया।

इस भीषण हादसे में एक पुलिस जवान की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उप-निरीक्षक मुकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

उप-निरीक्षक मुकेश कुमार के निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग और उनके परिजनों में शोक की लहर फैल गई। हरियाणा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है। उनका साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भाव हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया