हिसार में रिश्वत लेता पुलिस सब इंस्पेक्टर रंगे हाथों गिरफ्तार
हिसार, 22 मार्च (हि.स.)। एंटी करप्शन ब्यूरों
की टीम ने शहर के एचटीएम थाना के सब इंस्पेक्टर नेहरा सिंह को रिश्वत लेते रंगे हाथों
गिरफ्तार किया है। एसीबी ने नेहरा सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस दर्ज
किया है।
एंटी करप्शन ब्यूरो के सूत्रों ने रविवार काे बताया कि सब
इंस्पेक्टर नेहरा सिंह एचटीएम थाना में तैनात था। उनके पास शिव नगर निवासी सोमनाथ व
उसके भाई का कोई मामला था। इस मामले में सोमनाथ की जमानत हो चुकी थी जबकि उसके भाई
की जमानत पर सुनवाई हाल ही में होनी है। एंटी करप्शन ब्यूरो को दी शिकायत में सोमनाथ
ने कहा कि नेहरा सिंह उससे 10 हजार रुपये मांग रहा है और बदले में नेहरा सिंह ने कहा
कि वह उसके भाई की जमानत में टांग नहीं अड़ाएगा। बाद में वह सात हजार रुपये में मान
गया।
सोमनाथ की शिकायत के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो
की एसपी सुमेधा सिंह ने सिरसा की टीम को इंस्पेक्टर सत्यवान शर्मा व सब इंस्पेक्टर
सुरेश के नेतृत्व में एचटीएम थाना भेजा। जैसे ही सब इंस्पेक्टर नेहरा सिंह ने सोमनाथ
से सात हजार रुपये लिए तो ब्यूरो की टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ दबोच लिया। पकड़े
गए सब इंस्पेक्टर को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

