हरियाणा सरकार दसवीं, 12वीं के पांच लाख विद्यार्थियों को देगी टैब
-सरकार ने विद्यार्थियों के लिए 5 लाख डाटा सिम खरीद को दी मंजूरी
-मुख्यमंत्री ने की हाई पावर्ड परचेज कमेटी की बैठक की अध्यक्षता
चंडीगढ़, 07 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार प्रदेश में विद्यार्थियों को गुणवता एवं तकनीकी शिक्षा मुहैया करवाने पर बल दे रही है ताकि विद्यार्थी वर्तमान समय की मांग के अनुसार दक्ष हो सके। सरकार ने विद्यार्थियों के लिए 5 लाख डाटा सिम खरीद को मंजूरी दी है।
मुख्यमंत्री सोमवार को हाई पावर्ड परचेज कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में हरियाणा के उच्चतर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविन्द शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कक्षा 10वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को 5 लाख टेबलेट दिए जाएगें। इनके लिए डाटा सिम की खरीद की जाएगी। इसके अलावा हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के लिए 220 वॉट की टयूबलर टाइप लीड एसिड बैटरी की खरीद प्रक्रिया को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इनमें 100 एएच, 200 एएच तथा 120 एएच सहित 5 टाईप की बैट्रियों की खरीद शामिल हैं।
हाई पावर्ड परचेज कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री ने हैफेड द्वारा संचालित असंध शुगर मिल के वार्षिक ओवरहॉलिंग, मरम्मत, रखरखाव एवं सामान सहित एक साल के लिए 11.90 करोड़ रुपए में चलाने की स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में नेशनल हेल्थ मिशन के तहत दक्षिण जॉन के लिए 33 तथा नोर्थ जॉन के लिए 26 एडवांस लाइफ स्पोर्ट एंबुलेंस की बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं नागरिकों को देने के लिए मंजूरी प्रदान की गई।
एचपीपीसी बैठक में लगभग 90 करोड़ रुपए से अधिक के सेवा कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई। इस अवसर पर अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा, प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया, आयुक्त एवं सचिव आशिमा बराड़, निदेशक सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग तथा एमडी एचवीपीएन डा. आदित्य दहिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

