हिसार-गावड़ बस रूट पर विद्यार्थियों ने रोकी बस, तीन दिन में समाधान का आश्वासन
पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
हिसार, 09 सितंबर (हि.स.)। हिसार-गावड़ बस रूट पर विद्यार्थियों को लगातार
आ रही परेशानियों के विरोध में बुधवार को गावड़ में ग्रामीणों ने बस रोककर रोष जताया।
बस रोके जाने की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों
से बातचीत कर स्थिति को संभाला। पुलिस कर्मचारियों ने विभागीय अधिकारियों से भी ग्रामीणों
की बातचीत करवाई, जिसके बाद अधिकारियों ने तीन दिन के भीतर बस रूट से जुड़ी समस्या
का समाधान करने का आश्वासन दिया।
मौके पर पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के सदस्य विकास मुंदलिया गावड़
ने कहा कि बस सुविधा के लिए विद्यार्थियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा
है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और विद्यार्थी लंबे समय से इस समस्या के समाधान की मांग
कर रहे हैं, लेकिन अब तक स्थायी व्यवस्था नहीं हो पाई है।
विकास मुंदलिया ने स्पष्ट कहा कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। उन्होंने
चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर बस रूट की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया
तो कड़ा फैसला लिया जाएगा और आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों
का भविष्य परिवहन व्यवस्था से सीधे जुड़ा है। ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में
विद्यार्थी शिक्षण संस्थानों तक आने-जाने के लिए बसों पर निर्भर हैं। ऐसे में नियमित
बस सेवा नहीं मिलने से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से
विद्यार्थियों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए जल्द उचित बस व्यवस्था सुनिश्चित
करने की मांग की।
बस रूट को लेकर हुए विरोध के दौरान सरपंच प्रतिनिधि विक्रम, सुमित, सत्यवान,
मोहन, नंदलाल, विजेंदर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि
यदि तीन दिन में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि विद्यार्थियों की संख्या और उनकी जरूरत को देखते
हुए हिसार-गावड़ रूट पर नियमित और पर्याप्त बस सेवा सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें
रोजाना आवागमन के लिए परेशानी न उठानी पड़े।
इससे पहले मंगलवार को भी गोरछी में ग्रामीणों ने बस रोक कर प्रदर्शन किया था।
हिसार डिपो में चालकों की कमी व बसों के टायरों व अन्य कारणों से कर्मशाला में खड़ा
रहने के कारण किसी न किसी रूट पर यह स्थिति लगातार बन रही है। यही नहीं, अनेक रूट आए
दिन बाधित हो रहे हैं, जिसके चलते जनता परेशान हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

