home page

हिसार : आधुनिक पशु चिकित्सा तकनीकों, प्रयोगशालाओं और अनुसंधान गतिविधियों से रूबरू हुए विद्यार्थी

 | 
हिसार : आधुनिक पशु चिकित्सा तकनीकों, प्रयोगशालाओं और अनुसंधान गतिविधियों से रूबरू हुए विद्यार्थी


राजस्थान के पशु चिकित्सा महाविद्यालय के 40 विद्यार्थियों ने किया लुवास का

शैक्षणिक भ्रमण

हिसार, 30 अक्टूबर (हि.स.)। लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय

(लुवास), में राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (राजूवास), बीकानेर

के अंतर्गत पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय, नवानिया, उदयपुर के 40 विद्यार्थियों

एवं दो संकाय सदस्यों ने शैक्षणिक भ्रमण किया। उत्तर भारत के शैक्षणिक दौरे के अंतर्गत

आयोजित इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पशु चिकित्सा के क्षेत्र में आधुनिक

तकनीकों, व्यावहारिक प्रशिक्षण और वैज्ञानिक कार्यप्रणाली से परिचित कराना था।

विद्यार्थियों ने शुक्रवार काे लुवास के पशु चिकित्सा नैदानिक परिसर, विभिन्न प्रयोगशालाओं,

पशु चिकित्सा शरीर रचना विभाग तथा विस्तार शिक्षा से संबंधित गतिविधियों का अवलोकन

किया।

इस अवसर पर पशु चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय, लुवास के अधिष्ठाता प्रो. (डॉ.)

अनीश यादव ने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। उन्होंने पशु चिकित्सा शिक्षा में व्यावहारिक

प्रशिक्षण, नवीनतम तकनीकों के ज्ञान तथा पशुधन के स्वास्थ्य एवं उत्पादन में वैज्ञानिक

दृष्टिकोण के महत्त्व पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों ने भी विभिन्न शैक्षणिक विषयों

पर चर्चा करते हुए अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं। विश्वविद्यालय के सहायक निदेशक छात्र

कल्याण डॉ. तेज प्रकाश यादव ने शैक्षणिक भ्रमण के समन्वय में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के सैद्धांतिक ज्ञान को

व्यावहारिक अनुभव से जोड़ना तथा उन्हें आधुनिक पशु चिकित्सा सुविधाओं एवं अनुसंधान

गतिविधियों से परिचित कराना था। इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विभिन्न विश्वविद्यालयों

के बीच संवाद, अनुभवों के आदान-प्रदान और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने में महत्त्वपूर्ण

भूमिका निभाते हैं। यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक साबित हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर