home page

हिसार : युवाओं को नशे से दूर रखना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना जरूरी : सतीश कुमार

 | 
हिसार : युवाओं को नशे से दूर रखना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना जरूरी : सतीश कुमार


हकृवि की नशा मुक्त रैली में विद्यार्थियों ने दिया जागरूकता का संदेश

हिसार, 30 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण निदेशालय

की ओर से नशा मुक्त जागरूकता रैली निकाली गई। आर्थिक विशेषज्ञ सतीश कुमार ने मौलिक

विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली

में विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) और

राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

सतीश कुमार ने शुक्रवार काे कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और देश का भविष्य उनकी

ऊर्जा, प्रतिभा और अच्छी सोच पर निर्भर करता है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रखना और

स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना बहुत जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों

से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों, परिवारजनों तथा आसपास के

लोगों को भी इसके नुकसान के बारे में बताएं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जागरूकता अभियानों

के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। नशामुक्त समाज बनाने के लिए शिक्षण

संस्थानों, परिवारों और सामाजिक संगठनों को मिलकर प्रयास करने चाहिए। विद्यार्थियों

को शिक्षा, खेलकूद, अनुसंधान और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेकर समाज और देश

के विकास में योगदान देना चाहिए।

कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने बताया कि रैली में विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों

और एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट्स की भागीदारी से नशा मुक्ति का संदेश आम जन तक पहुंचेगा।

विद्यार्थियों ने लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित

किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति

जागरूक बनाते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर