home page

हिसार : कृषि आइडिया को कारोबार में बदलने का मौका, एबिक में आवेदन 21 सितंबर तक

 | 
हिसार : कृषि आइडिया को कारोबार में बदलने का मौका, एबिक में आवेदन 21 सितंबर तक


हरियाणा के किसान, युवा, विद्यार्थी व स्टार्टअप कर सकेंगे आवेदन

चयनित प्रतिभागियों को 25 लाख रुपये तक की ग्रांट

हिसार, 11 सितंबर (हि.स.)। कृषि क्षेत्र की किसी समस्या का नया और उपयोगी समाधान

आपके पास है तो उसे व्यवसाय में बदलने का मौका है। यहां के हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय

स्थित एग्री-बिजनेस इनक्यूबेशन सेंटर (एबिक) ने पीएम-आरकेवीवाई नवाचार एवं कृषि उद्यमिता

कार्यक्रम के कोहार्ट 8.0 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 21 सितंबर कर दी है। कार्यक्रम

के तहत पूरे हरियाणा से कृषि उद्यम में रुचि रखने वाले किसान, युवा, विद्यार्थी, शोधकर्ता,

स्टार्टअप और उद्यमी आवेदन कर सकते हैं।

एचएयू के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने शुक्रवार काे कहा कि कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में

नवाचार और उद्यमिता की अपार संभावनाएं हैं। युवाओं को कृषि समस्याओं को चुनौती के साथ-साथ

नए समाधान और व्यवसाय के अवसर के रूप में देखना चाहिए। चयनित और पात्र स्टार्टअप्स

को स्वीकृत प्रस्ताव व निर्धारित प्रावधानों के अनुसार 25 लाख रुपये तक की वित्तीय

सहायता अनुदान के रूप में दी जाएगी।

एक माह का प्रशिक्षण, विशेषज्ञों से मिलेगा मार्गदर्शन

कोहार्ट 8.0 में चयनित प्रतिभागियों को एक माह का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

एबिक के माध्यम से एचएयू के वैज्ञानिकों के साथ उद्योग विशेषज्ञों और निवेशकों से मार्गदर्शन

मिलेगा। तकनीक व उत्पाद विकास, व्यवसाय मॉडल, बाजार, निवेश और उद्यम संचालन जैसे विषयों

पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। आवेदन के दौरान प्रतिभागियों को अपने विचार, तकनीक, उत्पाद

या सेवा के साथ संबंधित कृषि समस्या और उसके समाधान की जानकारी देनी होगी। आवेदनों

की स्क्रीनिंग व मूल्यांकन के बाद प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। आवेदन एचएयू की

वेबसाइट hau.ac.in अथवा एबिक के ऑनलाइन आवेदन पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर