home page

हिसार में रोडवेज कर्मियों ने मांगे मानने पर वापस ली हड़ताल

 | 
हिसार में रोडवेज कर्मियों ने मांगे मानने पर वापस ली हड़ताल


एसडीएम व अन्य अधिकारियों की मध्यस्थता से सुलझा विवाद

राज्य कार्यकारिणी से हुई बातचीत के बाद फैसला, हिसार में धरना स्थगित

हिसार, 10 जुलाई (हि.स.)। राज्य परिवहन के हिसार डिपो में चल रहे धरने के

58वें दिन कर्मचारियों ने शुक्रवार सुबह से चक्का जाम कर दिया। हिसार डिपो व हांसी

सब डिपो में हुए चक्का जाम के चलते दोनों जगहों से किसी भी बस का संचालन नहीं हुआ।

बाहर से आने वाली बसें भी डिपो में आती गई और रूकती रही। हालांकि निजी बसों व अन्य

डिपुओं की बसों का संचालन सामान्य रहने के कारण यात्रियों को कोई खास परेशानी नहीं

हुई। दोपहर बाद एसडीएम ज्योति मित्तल व अन्य अधिकारियों की मध्यस्थता से विवाद का समाधान

हुआ और हड़ताल वापस ले ली गई। सांझा संघर्ष समिति ने हड़ताल वापिस लेते हुए बची हुई

मांगे पूरी करने के लिए 25 जुलाई तक का समय देते हुए डिपो में चल रहा धरना भी स्थगित

कर दिया है।

रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल के चलते दोपहर को एसडीएम ज्योति मित्तल, यातायात

प्रबंधक प्रीतम कुमार, खंड विकास अधिकारी एवं अन्य अधिकारी बातचीत के लिए पहुंचे। इस

दौरान डिपो में पुलिस बल भी तैनात रहा। डिपो स्तरीय सांझा संघर्ष समिति से गुरुवार

रात को ही वार्ता असफल हो गई थी, जिसके चलते राज्य स्तरीय पदाधिकारी भी हिसार पहुंच

चुके थे। राज्य स्तरीय पदाधिकारियों व प्रशासनिक अधिकारियों के बीच दो घंटे से अधिक

समय तक चली बातचीत के बाद मांगों पर सहमति बनी।

इसके तहत फिलहाल डिपो को मिले बजट में

से कर्मचारियों के खाते में तुरंत प्रभाव से पैसे आने शुरू हो गई। इसके साथ ही प्रशासनिक

अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि नाइट भत्ता, मेडिकल बिल, एलटीसी सहित अन्य मांगों पर

प्राथमिकता के आधार पर न केवल कार्रवाई होगी, बल्कि उन्हें पूरा किया जाएगा। अधिकारियों

ने यह भी कहा कि 25 जुलाई तक सांझा संघर्ष समिति के मांग पत्र की बची हुई मांगों को

पूरा कर दिया जाएगा। एसडीएम व अन्य अधिकारियों ने कर्मचारियों के धरना स्थल पर पहुंचकर

यह घोषणा की। अधिकारियों के इस आश्वासन के बाद राज्य स्तरीय व डिपो स्तरीय सांझा संघर्ष

समिति ने हड़ताल वापिस लेने व डिपो में चल रहे धरने को स्थगित करने की घोषणा कर दी। घोषणा के साथ ही हिसार डिपो व हांसी सब डिपो में परिवहन सेवाएं सुचारू हो गई।

इससे पहले शुक्रवार तड़के तीन बजे से ही हिसार व हांसी में बसों का संचालन

रोक दिया गया। खास बात यह रही कि हड़ताल में सभी यूनियनों के शामिल रहने के कारण कर्मचारी

नेताओं को ज्यादा जोर-आजमाइस नहीं करनी पड़ी। रोडवेज के गेट खुले रहे लेकिन हड़ताली डिपुओं से कोई

बस नहीं निकली। कुछ समय बाद किलोमीटर स्कीम के तहत चल रही बसों व कौशल निगम के कर्मचारियों

ने भी हड़ताल को समर्थन दे दिया और वे धरनास्थल पर आकर बैठ गए।

रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल के चलते हिसार डिपो की लगभग 260 बसों का चक्का

पूरी तरह से जाम रहा। डिपो से कोई बस नहीं निकली वहीं बाहर से आने वाली बसें डिपो में

आकर रुक गई। इसके चलते डिपो में कर्मचारियों की दृढ़ता से पूरी तरह से चक्का जाम रहा। इसी तरह हड़ताल के चलते हांसी सब डिपो की करीब 75 बसें पूरे दिन परिसर

में खड़ी रहीं, जिससे रोडवेज की बस सेवाएं पूरी तरह प्रभावित हो गईं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर