हिसार : कांवड़ यात्रा की सुरक्षा में न रहे कोई चूक, एसपी ने पुलिस जवानों को दिए निर्देश
साप्ताहिक परेड का किया निरीक्षण, अनुशासन और कार्यकुशलता परखा, अर्दली रूम में सुनीं पुलिस कर्मियों की समस्याएंहिसार, 03 अगस्त (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी लेकर निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के टर्नआउट, अनुशासन, ड्रिल और कार्यकुशलता का बारीकी से जायजा लिया तथा बेहतर पुलिसिंग के लिए आवश्यक निर्देश दिए।परेड के बाद एसपी ने साेमवार काे जिले में जारी कांवड़ यात्रा बारे सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सभी पीसीआर राइडर एवं इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ईआरवी) स्टाफ को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करें। संवेदनशील स्थानों, प्रमुख मार्गों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचे और कांवड़ यात्रियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी हरसंभव सहायता उपलब्ध कराए।एसपी सिद्धांत जैन ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है, जिसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं।निरीक्षण के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने अर्दली रूम का आयोजन कर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की व्यक्तिगत तथा सेवा संबंधी समस्याएं सुनीं। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि पुलिस कर्मियों का मनोबल और उनका कल्याण प्रभावी पुलिस व्यवस्था की सबसे मजबूत नींव है। कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान विभाग की प्राथमिकता है, ताकि वे पूरी निष्ठा, समर्पण और उत्साह के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

