home page

पलवल में सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती, दो व्यापारियों पर 50 हजार का जुर्माना

 | 

पलवल, 07 मार्च (हि.स.)। सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और नगर परिषद की संयुक्त टीम ने मुख्य बाजार में कार्रवाई करते हुए दो कारोबारियों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इस दौरान मौके पर ही कुल 50 हजार रुपये की राशि वसूल की गई। टीम ने व्यापारियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का भंडारण और बिक्री न करने के सख्त निर्देश दिए।

क्षेत्रीय अधिकारी सिद्धार्थ भार्गव ने शनिवार को बताया कि हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड पलवल की टीम ने नगर परिषद कर्मचारियों के साथ मुख्य बाजार की दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दो थोक व्यापारियों के यहां सिंगल यूज प्लास्टिक का भंडारण पाया गया। टीम ने मौके पर ही प्लास्टिक सामग्री जब्त करते हुए दोनों व्यापारियों के चालान काटे और जुर्माना वसूला।

उन्होंने बताया कि जिले में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 147 लोगों के चालान किए जा चुके हैं और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। प्रशासन की ओर से दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि यदि भविष्य में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग या भंडारण पाया गया तो उनके खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सिद्धार्थ भार्गव ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए गंभीर खतरा है। इसके उपयोग से पर्यावरण प्रदूषित होता है और कई तरह की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसी कारण सरकार ने इसके उपयोग और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया हुआ है।

उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्लास्टिक की जगह कपड़े, कागज या जूट के थैलों का उपयोग करें। बाजार में खरीदारी के लिए अपने साथ कपड़े का थैला लेकर जाएं और दुकानदार भी ग्राहकों को सामान कपड़े या कागज के थैलों में ही उपलब्ध कराएं, ताकि पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग