एसटीएफ ने दो माह में पकड़े 145 अपराधी, कई गैंग नेटवर्क ध्वस्त
चंडीगढ़, 09 मार्च (हि.स.)। हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने जनवरी और फरवरी 2026 के दौरान एसटीएफ हरियाणा ने कुल 145 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 71 गैंग सदस्य और 22 इनामी अपराधी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में कई कुख्यात गिरोहों से जुड़े अपराधी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त अन्य संगठित अपराधों में शामिल 20 अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया।
हरियाणा पुलिस प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि एसटीएफ द्वारा की गई प्रमुख कार्रवाइयों में अंबाला विस्फोटक प्रकरण का सफल खुलासा विशेष रूप से उल्लेखनीय है। जनवरी 2026 में थाना बलदेव नगर, अंबाला परिसर में खड़ी एक मारुति 800 कार में पाकिस्तान से जुड़ा गैंगस्टर-आतंकी एवं आतंकी संगठन के इशारे पर विस्फोट की साजिश रची गई थी। एसटीएफ ने समय रहते इस साजिश को विफल कर दिया तथा अब तक 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
इसी प्रकार फिल्म निर्माता के आवास पर फायरिंग मामले में एसटीएफ हरियाणा ने मुंबई पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए फायरिंग करने वाले 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर मुंबई पुलिस की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल को सौंपा। जनवरी 2026 में एसटीएफ करनाल द्वारा एक गैंग के 04 सदस्यों को विदेशी पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया गया। एसटीएफ ने जनवरी-फरवरी 2026 के बीच 22 ब्रांडेड पिस्तौल, 09 देशी पिस्तौल, 02 मैगजीन तथा 65 जिंदा कारतूस बरामद किए। इसी अवधि में 04 मुठभेड़ की घटनाओं में 05 अपराधी घायल हुए। एसटीएफ के निरन्तर प्रयासों के चलते वर्ष 2026 में विदेशों से सक्रिय गैंगस्टरों को भी कानून के शिकंजे में लाया गया है। अंकित शोकीन (थाईलैंड), अमन भैंसवाल (अमेरिका), सोमवीर उर्फ मोटा (अमेरिका) और शीलू डाहर (मॉस्को) को प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

