हिसार: महावीर स्टेडियम में पहली बार ग्रेपलिंग व मल्लयुद्ध के राज्य स्तरीय ट्रायल, 74 खिलाड़ियों का चयन
चयनित खिलाड़ी 27 को रोहतक में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिसार का करेंगे
प्रतिनिधित्व
ट्रायल में 120 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, पार्षद संजय डालमिया ने बढ़ाया
खिलाड़ियों का हौसला
हिसार, 26 सितंबर (हि.स.)। महावीर स्टेडियम में हिसार जिला ग्रेपलिंग संघ की
ओर से पहली बार ग्रेपलिंग एवं मल्लयुद्ध के राज्य स्तरीय ट्रायल आयोजित किए गए। ट्रायल
में करीब 120 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें से 74 खिलाड़ियों का राज्य
स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया। चयनित खिलाड़ी 27 सितंबर को रोहतक के सर छोटूराम
स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय ग्रेपलिंग एवं मल्लयुद्ध प्रतियोगिता में हिसार का
प्रतिनिधित्व करेंगे।
ट्रायल के दौरान वार्ड नंबर 13 के पार्षद संजय डालमिया खिलाड़ियों का हौसला
बढ़ाने के लिए पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और
आगामी प्रतियोगिता के लिए कड़ी मेहनत व पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरने का आह्वान
किया।
इस अवसर पर कैंट-सातरोड एकेडमी के कोच अजय, हिसार जिला ग्रेपलिंग संघ की सचिव
नीलम सैनी, अध्यक्ष राजबाला, रेफरी आशीष, अभय, गुरप्रीत और देव सहित अन्य पदाधिकारी
एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
जिला ग्रेपलिंग संघ की अध्यक्ष राजबाला व सचिव नीलम सैनी ने बताया कि हिसार
की टीम को पिछले वर्ष टीम धुरंधर नाम दिया गया था। अब इसी नाम के साथ खिलाड़ी आगे बढ़ते
हुए हिसार के साथ-साथ हरियाणा और देश का नाम रोशन करने के लिए मेहनत करेंगे। उन्होंने
कहा कि संघ का उद्देश्य बच्चों को खेलों से जोड़ने के साथ उन्हें नशे से दूर रखना भी
है। खेलों के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ और सकारात्मक दिशा देने के लिए संघ की ओर
से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

