home page

हरियाणा में बनेंगे 21 नए खेल स्टेडियम

 | 

चंडीगढ़, 02 मार्च (हि.स.)। हरियाणा में अब प्रत्येक जिले में खेलों के विकास पर काम होगा। सोमवार को वित्त मंत्री नायब सैनी ने इस योजना का रोडमैप पेश करते हुए कहा कि प्रत्येक जिले में खेलो इंडिया लघु केंद्र स्थापित होगा। सबसे अच्छी बात यह है कि इस केंद्र का संचालन किसी दूसरी फील्ड के व्यक्ति को नहीं बल्कि किसी पूर्व चैंपियन खिलाड़ी को सौंपा जाएगा। जिससे वह नए चैंपियन इन केंद्रों में तैयार कर सके। इसके अलावा कैथल, झज्जर, चरखी दादरी, गुरुग्राम, कुरुक्षेत्र, जींद, रोहतक, फरीदाबाद, यमुनानगर, सोनीपत, फतेहाबाद व पलवल में 21 नए खेल स्टेडियमों का निर्माण किया जाएगा।

प्रत्येक जिले में एक सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक बनाया जाएगा। मिशन ओलंपिक-2036 के तहत वैज्ञानिक तरीकों से पूरे राज्य में प्रतिभा खोज अभियान शुरू किया जाएगा। राजीव गांधी खेल परिसर दौलताबाद को अपग्रेड करते हुए राज्य में पहला अंतर्राष्ट्रीय सुविधाओं से सुसज्जित पैरा खेल स्टेडियम बनाया जाएगा। पूरे राज्य में फिट हरियाणा अभियान चलेगा। 30 सितंबर को इस पहल की शुरुआत होगी। वर्ष 2025-26 के संशोधित अनुमान 1603.75 करोड़ को 37.22 प्रतिशत से बढ़ाकर वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 2200.63 करोड़ प्रस्तावित किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा