हिसार : विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते खेल : डॉ. आरएन चौधरी
लुवास में अंतरवर्गीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का
समापन
हिसार, 08 मई (हि.स.)। लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा
एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में अंतरवर्गीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का समापन हुआ। प्रतियोगिता
में विश्वविद्यालय के विभिन्न वर्गों के छात्र एवं छात्राओं की टीमों ने बढ़-चढ़कर
भाग लिया। शुक्रवार काे प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन, समर्पण एवं टीम
भावना का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान विद्यार्थियों एवं खेल प्रेमियों
में भारी उत्साह देखने को मिला।
छात्र वर्ग में तृतीय वर्ष की टीम ने शानदार प्रदर्शन
करते हुए प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में टीम के खिलाड़ियों
ने बेहतरीन तालमेल एवं उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय दिया। वहीं टीचिंग टीम ने भी कड़ा
मुकाबला करते हुए उपविजेता स्थान प्राप्त किया। मैच के दौरान दर्शकों ने खिलाड़ियों
का उत्साहवर्धन करते हुए खेल का भरपूर आनंद लिया।
छात्रा वर्ग में कुल पांच टीमों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में प्रथम वर्ष की टीम ‘ए’ ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए
विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि प्रथम वर्ष की ही टीम ‘बी’ ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए उपविजेता स्थान हासिल किया। छात्रा
खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान शानदार खेल भावना एवं अनुशासन का परिचय दिया,
जिसकी उपस्थित अधिकारियों एवं दर्शकों द्वारा सराहना की गई।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में लुवास
के कुलसचिव डॉ. आरएन चौधरी रहे। कार्यक्रम में छात्र कल्याण निदेशक-सह-सम्पदा अधिकारी
डॉ. संदीप कुमार, सहायक छात्र कल्याण निदेशक (खेल) डॉ. यशवंत सिंह एवं वॉलीबॉल अध्यक्ष
डॉ. प्रवीण सांगवान विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि कुलसचिव डॉ. आरएन चौधरी ने खिलाड़ियों
को संबोधित करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका
निभाते हैं। उन्होंने कहा कि खेलों से न केवल शारीरिक क्षमता का विकास होता है, बल्कि
अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को
शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर छात्र कल्याण निदेशक डॉ. संदीप गुप्ता
ने विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन
विद्यार्थियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने
खिलाड़ियों को भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने
के लिए प्रेरित किया।
वॉलीबॉल अध्यक्ष डॉ. प्रवीण सांगवान ने खिलाड़ियों
का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास
का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास एवं अनुशासन के साथ
आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

