हिसार : खिलाड़ी देश का भविष्य, खेलों से निखरती युवाओं की प्रतिभा : बृज लाल बहबलपुरिया
जिला जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
हिसार, 26 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस जिला अध्यक्ष
बृज लाल बहबलपुरिया ने कहा कि खिलाड़ी देश का भविष्य हैं और खेल युवाओं के सर्वांगीण
विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, मेहनत,
धैर्य और टीम भावना जैसे गुण विकसित होते हैं। खेल के मैदान में सीखे गए ये गुण जीवन
के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। वे शनिवार काे एथलेटिक्स हिसार की ओर से गांव
पंघाल स्थित भगत सिंह स्टेडियम में आयोजित जिला जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में
खिलाड़ियों से बातचीत करके उन्हें संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने विभिन्न स्पर्धाओं में
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया
और सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व लोकसभा प्रत्याशी
देशराज प्रजापति का भी स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाशाली
खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है। जरूरत इस बात की है कि उन्हें उचित अवसर, बेहतर प्रशिक्षण
और प्रोत्साहन मिले। जिला स्तर पर होने वाली ऐसी प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी
प्रतिभा दिखाने का मंच देने के साथ राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए
प्रेरित करती हैं।
पूर्व लोकसभा प्रत्याशी देशराज प्रजापति ने कहा
कि खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास
और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों
को सही मार्गदर्शन और सुविधाएं मिलें तो वे प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। बृज लाल बहबलपुरिया ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन
के लिए एथलेटिक्स हिसार के पदाधिकारियों, आयोजकों और सहयोगियों को बधाई दी। प्रतियोगिता
में जिले के जूनियर खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं
में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर एथलेटिक्स के वाइस चेयरमैन ओमप्रकाश
भादू, ज्वाइंट सेक्रेटरी मनोज कड़वासरा, डीपी अमित मलिक, अनिल कुमार, पूर्व सरपंच धर्मपाल,
सुनील कुमार, जय भगवान, सुखबीर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

