home page

पलवल में तेज रफ्तार कार का कहर, सड़क किनारे खड़े तीन लोग घायल, चालक की तलाश जारी

 | 

पलवल, 02 अप्रैल (हि.स.)। पलवल शहर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां बस अड्डा चौक पर एक अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शहर थाना प्रभारी प्रकाशचंद ने गुरूवार को बताया कि तुहीराम कॉलोनी निवासी प्रवीण ने शिकायत दी कि उनका बेटा अरमान, रुबीना, रुखसार और दामाद आरिफ एक समारोह से लौट रहे थे। बस अड्डा चौक पर पहुंचने के बाद आरिफ बाइक खड़ी कर कुछ देर के लिए अलग हो गए, जबकि बाकी तीनों सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान तेज गति से आई एक कार ने अचानक संतुलन खोते हुए तीनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए घायलों को निजी वाहन से जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे निगरानी उपकरणों की रिकॉर्डिंग और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क पर सावधानीपूर्वक और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग