हिसार में सड़क सुधार पर खर्च होंगे 35.70 करोड़ रुपये: रणधीर पनिहार
बरसाती पानी की निकासी के 25 करोड़ रुपये के कार्य लगभग पूरे
शहर की सड़क और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर
हिसार, 24 अक्टूबर (हि.स.)। हिसार शहर में सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाने और
बरसाती पानी की निकासी की समस्या से राहत दिलाने के लिए विकास कार्यों को गति दी जा
रही है। इसी कड़ी में सपरा अस्पताल से गंगवा बाईपास तक सड़क की विशेष मरम्मत के लिए
35 करोड़ 70 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है।
नलवा विधायक रणधीर पनिहार ने शनिवार काे बताया कि इस परियोजना के पूरा होने से संबंधित
मार्ग पर आवागमन बेहतर होने और शहरवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही
शहर में बरसाती पानी की निकासी के लिए करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से किए जा रहे कार्य
भी लगभग पूरे हो चुके हैं। विधायक ने बताया कि लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें) की ओर
से जारी टेंडर के तहत हिसार शहर में पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-65 के आंतरिक हिस्से
में सपरा अस्पताल से राजगढ़ रोड बाईपास तक सड़क की विशेष मरम्मत की जाएगी। यह मार्ग
हिसार और नलवा विधानसभा क्षेत्र से संबंधित है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद मरम्मत
कार्य शुरू किया जाएगा। इस सड़क के सुधरने से वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलने
के साथ-साथ संबंधित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
विधायक ने बताया कि शहर में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या को
कम करने के उद्देश्य से करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न कार्य करवाए जा रहे
हैं, जो लगभग पूरे हो चुके हैं। इन कार्यों से बरसाती पानी की निकासी व्यवस्था में
सुधार आने और बारिश के दौरान लोगों को होने वाली परेशानियों को कम करने में मदद मिलने
की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सड़क सुधार और जल निकासी जैसे बुनियादी कार्य शहरवासियों
की सुविधाओं से सीधे जुड़े हैं, इसलिए इन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

