home page

पानीपत: महिला की जहर निगलने से हुई मौत की जांच करेगी एसआईटी

 | 

पानीपत, 09 अगस्त (हि.स.)। जिला के गांव बिलासपुर की महिला बबली द्वारा जमीन विवाद के चलते पुलिस प्रताड़ना से तंग आकर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने के मामले की जांच अब एसआईटी टीम को सौंप दी गई है। एसपी ने डीएसपी नरेंद्र कादियान के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया है। टीम को एक सप्ताह में जांच पूरी कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। इस जांच में पुलिस की भूमिका भी शामिल की गई है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह बबली ने सनौली स्थित खेत में जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दे दी थी। महिला के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसके अलावा, मौत से पहले महिला द्वारा बनाया गया एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। शनिवार को समालखा स्थित सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद महिला के शव का उसी खेत में अंतिम संस्कार किया गया, जहां उसने जहरीला पदार्थ खाया था। जेल से बाहर आए उसके बेटे कुलदीप ने मां को मुखाग्नि दी। महिला के परिजनों ने अस्पताल परिसर में विधायक से न्याय की गुहार लगाई। विधायक के पीए ने वीडियो कॉल के माध्यम से परिजनों की विधायक से बातचीत करवाई। विधायक ने परिजनों की बात सुनने के बाद उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

उन्होंने पुलिस अधीक्षक से बातचीत कर एसआईटी से मामले की जांच करवाने का आश्वासन भी दिया था। परिजनों और ग्रामीणों ने समालखा स्थित सिविल अस्पताल परिसर में हंगामा किया था। उन्होंने जमीन पर कब्जा करने का प्रयास करने वाले लोगों के साथ-साथ पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए थे। परिजनों का आरोप था कि जमीन विवाद के चलते महिला लंबे समय से परेशान थी और इसी से तंग आकर उसने यह कदम उठाया। परिजनों के अनुसार, महिला के परिवार का दशकों से पुश्तैनी जमीन पर कब्जा चला आ रहा था और गिरदावरी भी उसके नाम दर्ज थी। इसके बावजूद कुछ लोग कथित दस्तावेजों के आधार पर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। इस मामले में पुलिस ने करीब दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रविवार को डीएसपी नरेंद्र कादियान ने एसआईटी गठित किए जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा