home page

चंडीगढ़ पहुंचा नूंह में जल भराव का मुद्दा, एसीएस काे मिले विधायक आफताब अहमद

 | 
चंडीगढ़ पहुंचा नूंह में जल भराव का मुद्दा, एसीएस काे मिले विधायक आफताब अहमद


नूंह, 08 सितंबर (हि.स.)। नूंह विधायक व कांग्रेस विधायक दल के उपनेता चौधरी आफताब अहमद ने मंगलवार को चंडीगढ़ में सिंचाई विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल संग बैठक कर नूंह जिले में जलभराव के स्थाई समाधान की मांग उठाई। इस दौरान विधायक आफताब अहमद ने गुड़गांव कैनाल के दूषित पानी और अन्य मुद्दों को भी उठाया।

विधायक ने इससे पहले जिले के अधिकारियों संग बैठक की जिसमें सिंचाई विभाग के एक्सईएन, एसडीओ, जूनियर इंजीनियर मौजूद रहे। वहीं मंगलवार को विधायक आफताब अहमद ने चंडीगढ़ में एसीएस इरीगेशन के समक्ष जल भराव के मुद्दों को उठाया है। विधायक आफ़ताब अहमद ने कहा कि नूंह जिले में जलभराव के कारण दर्जनों गांवों की 5000 एकड़ से अधिक भूमि कई साल से फसल नहीं हुई है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। इस समस्या का स्थाई समाधान निकाला जाए ताकि फसल की बुआई हो सके।

वहीं विधायक चौधरी आफताब अहमद ने एसीएस इरीगेशन अनुराग अग्रवाल आईएएस से गुड़गांव कैनाल में आ रहे पानी की गुणवत्ता की शिकायत करते हुए कहा कि कैनाल में आ रहा पानी पूरी तरह से दूषित है जिससे जानवरों, फसलों, पर्यावरण, मनुष्यों को गंभीर समस्या झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि दूषित पानी की जगह नूंह, फरीदाबाद , पलवल और गुड़गांव जिले को साफ पानी आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। एसीएस इरीगेशन अनुराग अग्रवाल आईएएस ने ई आई सी को निर्देश देकर कहा है कि नूंह सहित अन्य ज़िलों को दूषित पानी नहीं बल्कि स्वच्छ पानी आपूर्ति सुनिश्चित किया जाए।

विधायक आफ़ताब अहमद ने कहा कि गांगोली, आलदोका, बैंसी, सुडाका, भडंगाका, आकेडा, कोटला, निजामपुर, मालब, खेडला, नूंह, नंगली, घासेडा, रिठौड़ा, चंदेनी, उजीना, संघैल, अड़बर आदि में जलभराव की समस्या अधिक है। यहां भूमि बंजर होती जा रही है जो चिंताजनक है। एसीएस ने विधायक को आश्वासन दिया कि इस बार किसान समय पर फसल बो पाएगा और जलभराव की समस्या का समाधान होगा।

विधायक आफ़ताब अहमद ने कहा कि कोटला ड्रेन पर दोनों वीआर पुल क्षतिग्रस्त अवस्था में हैं,इन्हें जल्द मरम्मत करने की जरूरत है जिसकी प्रशासनिक अनुमति मिलनी चाहिए। इस संदर्भ में विधायक आफ़ताब अहमद ने एसीएस को एक पत्र लिखकर सौंपा है। इसके अलावा विधायक ने दिहाना से गुहाना, दिहाना से बीरसिका के लिए पुलिया दुरुस्त करने की मांग रखी और 4 नए वीटी पंप बड़ी क्षमता के खरीद कर कोटला पंप हाउस में लगाने के लिए कहा है।

एसीएस इरीगेशन अनुराग अग्रवाल आईएएस ने विधायक आफताब अहमद को आश्वासन दिया कि जल्द ही इन कार्यों को मंजूरी देकर पूरा किया जाएगा और तत्काल जल निकासी करा कर किसानों को उनकी भूमि फसल बुवाई के लिए तैयार कराई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया