home page

हिसार : पीएम फसल बीमा योजना बनी कंपनियों के मुनाफे का साधन : संपत सिंह

 | 
हिसार : पीएम फसल बीमा योजना बनी कंपनियों के मुनाफे का साधन : संपत सिंह


कंपनियों ने तीन साल में कमाए 47 हजार करोड़, जांच की जाए

हिसार, 27 जून (हि.स.)। इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक एवं पूर्व मंत्री प्रो.

संपत सिंह ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के हालिया आंकड़ों का हवाला देते हुए इसे

निजी बीमा कंपनियों के लिए भारी मुनाफा कमाने का जरिया करार दिया है। उन्होंने कहा

कि किसानों को फसल नुकसान के समय आर्थिक सुरक्षा देने के उद्देश्य से शुरू की गई यह

योजना अपने मूल लक्ष्य से भटक गई है और अब करदाताओं के पैसे से निजी कंपनियां अपनी

तिजोरियां भर रही हैं।

वर्ष 2023 से 2025 के राष्ट्रीय आंकड़ों का जिक्र करते हुए प्रो. संपत सिंह

ने शनिवार काे बताया कि देशभर में बीमा कंपनियों ने कुल 82 हजार 015.52 करोड़ रुपये का प्रीमियम

वसूला, जबकि किसानों को दावों के रूप में मात्र 34 हजार 799 करोड़ रुपये का ही भुगतान

किया गया। इस तरह पिछले तीन सालों में बीमा कंपनियों ने 47 हजार 216.52 करोड़ रुपये

का सीधा मुनाफा कमाया है। इसमें सबसे अधिक चौंकाने वाला तथ्य यह है कि अकेले वर्ष

2025 में ही इन कंपनियों ने 20 हजार 619.28 करोड़ रुपये का भारी-भरकम लाभ अर्जित किया।

हरियाणा के संदर्भ में भी स्थिति बेहद चिंताजनक है। राज्य में 2023 से

2025 के बीच कंपनियों ने योजना के तहत 2827.02 करोड़ रुपये का प्रीमियम प्राप्त किया,

लेकिन किसानों को केवल 2096.86 करोड़ रुपये के दावों का ही भुगतान किया गया। इससे कंपनियों

को राज्य स्तर पर भी लगभग 730 करोड़ रुपये का सीधा लाभ हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर