home page

सिरसा: हरियाणा श्रम बोर्ड चेयरमैन के आवास बोर्ड पर पोती कालिख, भाजपा में रोष

 | 
सिरसा: हरियाणा श्रम बोर्ड चेयरमैन के आवास बोर्ड पर पोती कालिख, भाजपा में रोष


सिरसा, 24 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा श्रम बोर्ड के चेयरमैन एवं भाजपा नेता रोहताश जांगड़ा के आवास बोर्ड पर शरारती तत्व कालिख पोत कर सीजेपी लिख गए। इस घटना से भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

यह घटना गुरुवार रात्रि की बताई जा रही है।

भाजपा नेता रोहताश जांगड़ा का सिरसा के हिसार रोड पर आवास है। कॉलोनी के प्रवेश द्वार पर नगर परिषद द्वारा संकेतक बोर्ड लगाया गया है, जिस पर शरारती तत्व कमल के फूल पर कालिख पोत गए और सीजेपी लिख गए हैं। चेयरमैन रोहताश जांगड़ा ने बताया कि शरारती तत्वों ने रात को इस घटना को अंजाम दिया है। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है, ताकि शरारती तत्वों का पता चल सके।

बताया जा रहा है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवाओं व छात्रों द्वारा किए जा रहे आंदोलन से संबंधित अन्य पोस्टर भी कॉलोनी में लगाए गए हैं। बोर्ड पर कालिख पोतने से भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष देखा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि रोहताश जांगड़ा की पुत्रवधू मनोनीत पार्षद हैं। पार्षद मनोनीत होने पर नगर परिषद सिरसा द्वारा बाद यह बोर्ड लगाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma