जींद : बेटों के लड़ाई-झगड़े में बीच-बचाव में आए बुजुर्ग की मौत
जींद, 08 सितंबर (हि.स.)। बूढ़ा बाबा बस्ती में बेटों के लड़ाई-झगड़े के बीच में आकर गिरने से एक वृद्ध की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर शहर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। बेटों ने पुलिस को बताया कि उनके पिता की मौत हृदय गति रुकने से हुई है। पुलिस ने नागरिक अस्पताल में मृतक के वृद्ध के शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है।
बूढ़ा बाबा बस्ती निवासी सोनू, कुलदीप व विक्की तीनों भाई हैं। मंगलवार को किसी बात को लेकर उनके बीच में कहासुनी हो गई। पास ही बैठे उनके पिता सत्यवान जब उनका बीचबचाव करने लगे, तो वह अचानक से गिर गए। तीनों बेटे अपने पिता को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लेकर आ गए। यहां चिकित्सकों ने सत्यवान को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस को दिए बयान में सोनू ने बताया कि उनके पिता काफी समय से बीमार चल रहे थे। मंगलवार को अचानक से वह गिर गए। जब उनको अस्पताल लेकर जाया गया तो चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रोहतक रोड चौकी प्रभारी अमित खर्ब ने बताया कि पुलिस ने मृतक सत्यवान के बेटे सोनू के बयान पर मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

