जींद : जिला प्रशासन का हुआ रात्रि ठहराव, एडीसी ने सुनी 67 शिकायतें
जींद, 25 फ़रवरी (हि.स.)। एडीसी प्रदीप कुमार ने कहा है कि ग्रामीण आपस में मिलजुलकर आपसी भाईचारे के साथ सामाजिक सरोकारों के कार्य करें। आधी समस्याओं का समाधान अपने आप हो जाएगा और युवा पीढ़ी को अच्छे संस्कार मिलेंगे। जनसमस्याओं का समाधान करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शुमार है।
एडीसी प्रदीप कुमार मंगलवार रात को गांव शामदो के राजकीय स्कूल में आयोजित रात्रि ठहराव कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याएं को सुनते हुए कहा। एडीसी ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी और मौके पर ही अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा कुल 67 शिकायतें समाधान के लिए रखी गई। अधिकतर शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया। ग्रामीणों ने अपनी व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याएं एडीसी के समक्ष रखी। जिनमें बिजली, सड़क, स्वच्छता, पेयजल, शिक्षा से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रही।
रात्रि ठहराव के दौरान मिली शिकायतों की होती है मॉनिटरिंग : एडीसी
एडीसी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने रात्रि ठहराव कार्यक्रम शुरू किया है, जो एक काफी अच्छी पहल है। जिससे ग्रामीणों को सीधे जिला प्रशासन से संवाद का बेहतरीन अवसर मिलता है। इस दौरान जो भी ग्रामीणों की समस्याएं दर्ज होती हैं, उनका पूरी गंभीरता के साथ समाधान किया जाता है। रात्रि ठहराव के दौरान शिकायतों की मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि ग्रामीणों की संतुष्टि हो।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

