home page

सिरसा का जवान जम्मू कश्मीर में शहीद

 | 
सिरसा का जवान जम्मू कश्मीर में शहीद


सिरसा, 04 सितंबर (हि.स.)। जिले के गांव कुत्ताबढ़ निवासी सुखचैन सिंह जम्मू-कश्मीर में शहीद हो गए हैं। उन्होंने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। उनका पार्थिव शरीर शनिवार को पैतृक गांव कुत्ताबढ़ पहुंचेगा जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। मौसम खराब होने के कारण आज पार्थिव देह नहीं पहुंच पाई। सुखचैन सिंह जम्मू-कश्मीर के राजौरी में ड्यूटी पर थे, जब वे शहीद हुए। शहादत की सूचना मिलने पर रिश्तेदार व ग्रामीण उनके आवास पर पहुंचे और परिवार को ढांढ़स बंधाया।

गांव के सरपंच बेअंत सिंह ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा गांव शहीद के परिवार के साथ है। शहीद सैनिक सुखचैन सिंह के भाई सरबजीत सिंह ने बताया कि करीब दो महीने पहले छुट्टी पर सुखचैन घर आए थे। बीते वीरवार को अपने बड़े भाई सुखचैन से बातचीत भी हुई थी और उस समय उन्होंने कहा था कि वे बिल्कुल ठीक हैं और मैं दस दिन बाद घर छुट्टी लेकर आऊंगा। सरबजीत ने बताया कि दस दिन बाद सुखचैन के बेटे आकाशदीप का जन्मदिन है और इसी वजह से उन्होंने घर आने की बात कही थी। दोपहर को सुखचैन सिंह के शहीद होने का पता चला। सेना के अधिकारी ने फोन पर उन्हें जानकारी देकर बताया कि सुखचैन अमर हो चुका है।

उल्लेखनीय है कि शहीद सुखचैन सिंह 27 सितंबर 2015 को सेना में भर्ती हुए थे। उनकी उम्र करीब 30 साल थी। वे ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र के गांव कुत्ताबढ़ के रहने वाले थे। हाल ही में वे 59 इंजीनियरिंग रेजीमेंट राजौरी, कश्मीर में तैनात थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma