home page

यमुनानगर: रात को सोते समय छात्रा को सांप ने डसा,मौत

 | 
यमुनानगर: रात को सोते समय छात्रा को सांप ने डसा,मौत


यमुनानगर, 12 जुलाई (हि.स.) यमुनानगर के जगाधरी स्थित मां कॉलोनी में शनिवार देर रात एक दर्दनाक घटना में 20 वर्षीय युवती की सांप के डसने से मौत हो गई। घटना के समय युवती अपनी मां और बहनों के साथ एक ही कमरे में सो रही थी। सूचना मिलने के बाद वन्यजीव विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सांप की तलाश शुरू कर दी। मृतका की पहचान शबनम के रूप में हुई है, जो छछरौली के राजकीय महाविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी।

परिजनों के अनुसार देर रात शबनम अचानक उठी और अपनी मां से कहा कि उसकी गर्दन पर किसी चीज ने काट लिया है। मां ने तुरंत कमरे की लाइट जलाई तो एक सांप बिस्तर से नीचे उतरता दिखाई दिया। यह देखकर परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन बिना समय गंवाए शबनम को सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। मृतका की बहन श्वेता ने बताया कि उनके पिता सतेंद्र मजदूरी करते हैं और परिवार किराये के मकान में रहता है। परिवार में तीन बहनें और एक भाई हैं। घटना की सूचना मिलते ही वन्यजीव विभाग की टीम ने घर पहुंचकर सांप की तलाश शुरू की। विभाग के कर्मचारी मोहित ने बताया कि काफी देर तक अभियान चलाने के बावजूद सांप का पता नहीं चल सका। उसकी तलाश जारी है।

वन्यजीव विभाग के अनुसार सांप के मिलने के बाद उसकी प्रजाति की पहचान की जाएगी। इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवती को किस प्रजाति के सांप ने डसा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार