पलवल में लाखों रुपये की स्मैक सहित तस्कर गिरफ्तार
पलवल, 10 अगस्त (हि.स.)। एंटी नारकोटिक्स सेल पलवल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उटावड़ थाना क्षेत्र के घुड़ावली गांव के पास से एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 138 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 38 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी की बाइक को भी कब्जे में ले लिया है। एंटी नारकोटिक्स सेल स्टाफ प्रभारी हनीश खान ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि टीम घुड़ावली बस अड्डे के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि नूंह जिले के चाहलाका गांव निवासी अजहर मोहम्मद घुड़ावली के पास बाइक पर स्मैक लेकर किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी ने बाइक स्टार्ट कर मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे पीछा कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 138 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ और बाइक को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ उटावड़ थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान स्मैक की सप्लाई के स्रोत और इसे आगे किसे बेचा जाना था, इस संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए भी जांच की जा रही है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

