home page

यमुनानगर:स्मैक सहित युवक गिरफ्तार

 | 
यमुनानगर:स्मैक सहित युवक गिरफ्तार


यमुनानगर, 25 अप्रैल (हि.स.) यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए 50 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सेल के इंचार्ज अनिल कुमार के अनुसार, टीम को सूचना मिली थी कि तेजली क्षेत्र के पास एक व्यक्ति अवैध नशीले पदार्थ की बिक्री में संलिप्त है। सूचना के आधार पर टीम गठित कर मौके पर कार्रवाई की गई। संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया गया। नियमों के अनुरूप ड्यूटी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में तलाशी ली गई, जिसके दौरान आरोपी के कब्जे से 50 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

पूछताछ में उसकी पहचान जगाधरी निवासी प्रयाग वर्मा के रूप में हुई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पूर्व में भी नशा तस्करी से जुड़े मामलों में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ चार मामले दर्ज हैं, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन हैं। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके सप्लाई नेटवर्क, स्रोत और अन्य संभावित सहयोगियों की पहचान की जा रही है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि विस्तृत पूछताछ की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार