यमुनानगर: स्मैक के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
यमुनानगर, 24 जून (हि.स.) यमुनानगर पुलिस की एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल और स्पेशल सेल ने संयुक्त अभियान के दौरान एक युवक को 32 ग्राम स्मैक सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार दोनों इकाइयों को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव शादीपुर के निकट एक युवक मादक पदार्थ के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक मक्खन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। कानूनी प्रक्रिया के तहत ड्यूटी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 32 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में उसकी पहचान गांव रायपुर निवासी विशाल के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से आगे की जांच के लिए पुलिस रिमांड मंजूर किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपी से नशीले पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत, संभावित खरीददारों तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एक आपराधिक मामला दर्ज है, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

