कैथल नगर परिषद में 18 हजार रिश्वत लेते कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार
कैथल, 21 अक्टूबर (हि.स.)। नगर परिषद कार्यालय में बुधवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। टीम ने एक ठेकेदार की शिकायत पर छापा मारकर कच्चे कर्मचारी एवं कंप्यूटर ऑपरेटर संजय कुमार को 18 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। आरोप है कि कर्मचारी नगर परिषद के एमई के नाम पर ठेकेदार से वर्क ऑर्डर जारी करवाने के बदले रकम मांग रहा था। एसीबी की टीम अब मामले से जुड़े तथ्यों और रिश्वत मांगने के आरोपों की जांच कर रही है।जानकारी के अनुसार, गांव रोहेड़ा माजरा निवासी ठेकेदार नरेश कुमार ने रिश्वत मांगे जाने की शिकायत एसीबी को दी थी। शिकायत के आधार पर इंस्पेक्टर सूबे सिंह सैनी के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। बुधवार को टीम नगर परिषद कार्यालय पहुंची और कंप्यूटर ऑपरेटर संजय कुमार को कथित तौर पर 18 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।बताया जा रहा है कि मामला राजौंद या सीवन क्षेत्र में किसी कार्य का वर्क ऑर्डर जारी करने से जुड़ा है। ठेकेदार से किस कार्य के लिए रकम मांगी गई थी और वर्क ऑर्डर की प्रक्रिया में किन अधिकारियों या कर्मचारियों की भूमिका थी, इसकी विस्तृत जानकारी जांच के बाद सामने आ सकेगी।मामले में नगर परिषद के एक एमई का नाम भी चर्चा में है। शिकायत में कंप्यूटर ऑपरेटर पर एमई के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है। हालांकि, अभी तक एमई की संलिप्तता साबित नहीं हुई है। एसीबी की जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि रिश्वत की मांग किसके कहने पर की गई थी और रकम लेने के पीछे क्या परिस्थितियां थी। नगर परिषद कार्यालय में एसीबी की कार्रवाई की खबर फैलते ही कर्मचारियों में हलचल मच गई। कार्यालय में दिनभर इस मामले को लेकर चर्चा होती रही। कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम रिश्वत मांगने और लेने से जुड़े तथ्यों की पड़ताल में जुटी रही। फिलहाल मामले में कंप्यूटर ऑपरेटर की गिरफ्तारी के बाद जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही अन्य लोगों की भूमिका और आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

