home page

जींद : सजावट सामान के गोदाम में लगी आग, बीस लाख का नुकसान

 | 
जींद : सजावट सामान के गोदाम में लगी आग, बीस लाख का नुकसान


जींद, 17 अक्टूबर (हि.स.)। विश्वकर्मा कॉलोनी में पेट्रोल पंप के सामने वाली गली में डेकोरेशन के सामान के गोदाम में शुक्रवार रात आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से लगभग 20 लाख रुपये का सामान जल कर राख हो गया।

विश्वकर्मा कॉलोनी में गली नंबर आठ के रिहायशी क्षेत्र में बनाए गए डेकोरोशन गोदाम में शॉर्ट सर्किट से गोदाम में आग लग गई। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग लगातार फैलती चली गई। आग की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। शनिवार को गोदाम के मालिक विनोद कुमार और मोनू कुमार ने बताया कि वे शुक्रवार रात को गोदाम को ठीक से बंद करके घर गए थे। शनिवार सुबह पड़ोसियों ने उन्हें सूचना दी कि गोदाम से आग की लपटें निकल रही हैं। पड़ोसियों ने ही फायर ब्रिगेड को भी इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गईं। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक गोदाम में रखा 20 लाख रुपये से अधिक कीमत का सामान जलकर राख हो चुका था।

आग ने विनोद कुमार के सामने रोजी- रोटी और कारोबार को दोबारा खड़ा करने का बड़ा संकट खड़ा कर दिया है। विनोद कुमार ने कहा कि गोदाम में रखा डेकोरेशन का सामान ही नहीं जला, बल्कि उनके कारोबार से जुड़े सपने भी खाक हो गए। उन्होंने सरकार से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है, ताकि इस नुकसान से उबरकर अपना काम फिर से शुरू कर सकें। वहीं, व्यापार मंडल जींद के प्रधान महावीर कंप्यूटर ने भी पीड़ित कारोबारी को हुए नुकसान पर चिंता जताते हुए सरकार से उचित मुआवजा देने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा