हिसार : गौशाला में जहरीला चारा खाने से छह गायों की मौत, यूरिया मिलाने की आशंका
तीन-चार गायों की हालत नाजुक, घटना से ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस ने शुरू
की जांच
हिसार, 13 अगस्त (हि.स.)। अग्रोहा क्षेत्र के गांव कुलेरी स्थित कमलगिरी गौशाला
में बेजुबान पशुओं के साथ क्रूरता का बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। आरोप है कि
किसी शरारती तत्व ने गायों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से चारे में यूरिया खाद मिला
दी। यह चारा खाते ही छह गायों ने तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया, जबकि तीन से चार गायों
की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। एक साथ छह गायों की मौत की सूचना मिलते ही गौशाला में
हड़कंप मच गया और गांव में आक्रोश फैल गया।
कमलगिरी गौशाला में करीब 600 गाय और नंदी हैं। बुधवार को अमावस्या के चलते
सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु गौशाला पहुंचे हुए थे। ग्रामीण गायों को गुड़
और दलिया खिलाकर सेवा कर रहे थे। शाम करीब चार बजे गौशाला के कर्मचारी और समिति सदस्य
जब पशुओं को शाम का चारा डालने के लिए बाड़े में पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर उनके
पैरों तले जमीन खिसक गई। छह गायें मृत पड़ी थीं, जबकि कई अन्य गायें दर्द से कराहते
हुए जमीन पर तड़प रही थीं।
गायों की अचानक मौत के बाद कर्मचारियों ने चारा रखने वाले स्थान की जांच की।
इस दौरान चारे में यूरिया खाद मिला होने की बात सामने आई। इसके बाद आशंका जताई गई कि
किसी व्यक्ति ने जानबूझकर बेजुबान पशुओं को मारने या नुकसान पहुंचाने की नीयत से चारे
में यूरिया मिलाया।
गौशाला समिति के प्रधान सतेंद्र कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत
अग्रोहा थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी। सूचना मिलते ही सब-इंस्पेक्टर शेषकर्ण पुलिस
टीम के साथ गौशाला पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर
अज्ञात आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज
कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा मृत गायों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और
चारे के नमूनों की जांच के आधार पर गायों की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी।
पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया
जा रहा है कि चारे में यूरिया किसने और कब मिलाया।
ग्रामीणों में भारी रोष, आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग
गौशाला में एक साथ छह गायों की मौत की खबर जैसे ही कुलेरी और आसपास के क्षेत्र
में फैली, ग्रामीणों में भारी रोष फैल गया। ग्रामीणों और गौशाला प्रबंधन ने पुलिस प्रशासन
से मांग की है कि बेजुबान पशुओं के साथ इस कथित क्रूरता को अंजाम देने वाले आरोपी की
जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाए और उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की
जाए। उन्होंने प्रशासन से
गौशाला की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने
के लिए ठोस कदम उठाने की भी मांग की है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और
पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

