home page

हिसार : सड़क पर गिरे 2.25 किलो चांदी के टुकड़े सीसीटीवी ने खोज निकाले

 | 
हिसार : सड़क पर गिरे 2.25 किलो चांदी के टुकड़े सीसीटीवी ने खोज निकाले


डोगरान चौकी पुलिस ने 80 वर्षीय बुजुर्ग को लौटाई पूरी चांदी

कबाड़ बीनने वाले बच्चे तक पहुंची पुलिस, सामान में मिले चांदी के दोनों टुकड़े

हिसार, 10 अगस्त (हि.स.)। सड़क पर अचानक बैग फटने से करीब दो किलो 250 ग्राम

चांदी के दो टुकड़े गिर गए और 80 वर्षीय बुजुर्ग को इसका पता तक नहीं चला। चांदी गायब

होने की शिकायत लेकर जब बुजुर्ग पुलिस चौकी मोहल्ला डोगरान पहुंचे तो पुलिस ने मामले

को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज खंगालने से पुलिस को

एक बच्चे के चांदी के टुकड़े उठाकर ले जाने का सुराग मिला और आखिरकार पुलिस कबाड़ बीनने

वाले बच्चे तक पहुंच गई। बच्चे के कबाड़ के सामान की जांच की गई तो उसमें चांदी के

दोनों टुकड़े बरामद हो गए। पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के चलते करीब 2.25 किलो

चांदी सुरक्षित उसके असली मालिक 80 वर्षीय दिल्ली निवासी नंदकिशोर को वापस लौटा दी

गई।

जानकारी के अनुसार गत दिवस 80 वर्षीय नंद किशोर पुलिस चौकी मोहल्ला डोगरान

पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह मोटरसाइकिल पर अपने बैग में करीब 2 किलो

250 ग्राम चांदी के दो टुकड़े लेकर जा रहे थे। रास्ते में बैग फट गया और चांदी के दोनों

टुकड़े सड़क पर कहीं गिर गए। बुजुर्ग ने पुलिस से चांदी तलाशने में मदद की गुहार लगाई।

मामला बुजुर्ग की मेहनत की कमाई और बड़ी कीमत से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने तुरंत

कार्रवाई शुरू कर दी।

चौकी प्रभारी एएसआई सुभाष और पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी

कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में करीब 10-12 वर्ष का एक बच्चा सड़क से दो

सफेद रंग के टुकड़े उठाकर उन्हें अपने प्लास्टिक के थैले में डालता दिखाई दिया। पुलिस

ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर बच्चे की पहचान

की और उसके घर तक पहुंच गई।

पुलिस की पूछताछ में बच्चे ने बताया कि उसे सड़क पर दो सफेद रंग के टुकड़े

मिले थे। उसने उन्हें कबाड़ समझकर अपने कबाड़ के थैले में डाल लिया था। पुलिस टीम ने

जब उसके कबाड़ के सामान की जांच की तो दोनों चांदी के टुकड़े बरामद हो गए। इस तरह सीसीटीवी

फुटेज पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुई और बुजुर्ग की खोई हुई चांदी तक पुलिस पहुंच

गई।

चांदी बरामद करने के बाद पुलिस ने बुजुर्ग नंद किशोर से संपर्क करने का प्रयास

किया, लेकिन उस समय उनका मोबाइल फोन बंद आ रहा था। इसके बाद पुलिस ने लगातार प्रयास

करते हुए उनसे फोन पर संपर्क किया और चांदी बरामद होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही

करीब 80 वर्षीय नंद किशोर दिल्ली से हिसार पहुंचे। पुलिस चौकी मोहल्ला डोगरान में पुलिस

ने उनकी पूरी 2 किलो 250 ग्राम चांदी सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर