हिसार : 80 हजार रिश्वत लेते बास थाने का एसआई रंगेहाथों गिरफ्तार
मुकदमे से बेटे का नाम हटाने के लिए मांगी 1.20 लाख रिश्वत,
मारपीट के मुकदमे में नाम हटाने का दिया था भरोसा
हिसार, 19 नवंबर (हि.स.)। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन
ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने नारनौंद क्षेत्र के बास थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर अमृतलाल
को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी एसआई ने मारपीट
के एक मुकदमे से शिकायतकर्ता के बेटे का नाम हटाने की एवज में एक लाख 20 हजार रुपये
की मांग की थी। बाद में 80 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। गुरुवार को जिले के अग्रोहा
मोड़ पर शिकायतकर्ता से रकम लेते ही एसीबी टीम ने उसे दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार
निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसीबी इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह के अनुसार, मिर्चपुर निवासी सत्यवान ने शिकायत
दी थी कि उसके एक बेटे को बास थाने में दर्ज मारपीट के मामले में गिरफ्तार किया गया
था, जबकि दूसरे बेटे का नाम भी इसी मुकदमे में अन्य आरोपियों के साथ शामिल था। दूसरे
बेटे का नाम मुकदमे से हटाने की एवज में एसआई अमृतलाल ने उससे एक लाख 20 हजार रुपये
मांगे थे। बाद में 80 हजार रुपये में रिश्वत का सौदा तय हुआ। इसके बाद सत्यवान ने एसीबी
से संपर्क कर आरोपी के खिलाफ शिकायत दी।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह के नेतृत्व में विशेष
टीम गठित की गई। योजना के अनुसार शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर अग्रोहा मोड़ पर
बुलाया गया। एसीबी टीम ने आसपास निगरानी रखी। जैसे ही एसआई अमृतलाल ने शिकायतकर्ता
से 80 हजार रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को
अपने साथ ले जाकर पूछताछ शुरू की गई।
जिस मुकदमे से नाम हटाने के लिए रिश्वत मांगी गई थी, वह पिछले साल 27 मई को
हांसी के गांव भाटोल जाटान में छुछक समारोह के दौरान हुए झगड़े से जुड़ा है। फतेहाबाद
के गोरखपुर निवासी चरणदीप ने पुलिस को शिकायत दी थी कि वह अपने परिजनों के साथ अपनी
बुआ की बेटी सिलोचना के घर छुछक समारोह में शामिल होने गया था। मेहमानों के बैठने की
व्यवस्था पड़ोस में दलेसिंह के घर की गई थी, जहां कुछ रिश्तेदार हुक्का और बीयर पी
रहे थे। शिकायत के अनुसार, रात करीब 10 से 11 बजे के बीच चरणदीप का बुआ का लड़का रामेहर
वहां हुक्का मांगने गया तो युवकों ने गाली-गलौच शुरू कर दी और मारपीट करने लगे। बीच-बचाव
करने पहुंचे परिजनों पर बीयर की बोतलों से हमला किया गया। आरोपियों ने सिर और आंख पर
बोतलों से वार किए थे।
इस मामले में बास थाना पुलिस ने चरणदीप के बयान पर भाटोल जाटान निवासी दलजीत
और बलजीत पुत्र दलेसिंह, पंजाब निवासी गुरप्रीत सहित 5-6 अन्य युवकों के खिलाफ भारतीय
न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। एसीबी इंस्पेक्टर मनमोहन
सिंह के अनुसार, इस मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई थी और अन्य आरोपियों
के नाम पर शिकायतकर्ता से रिश्वत मांगी जा रही थी।
एसआई 17 नवंबर को थाने से गया था
बास थाना प्रभारी एसआई जयकुमार ने बताया कि अमृतलाल 17 नवंबर को थाने से गया
था। उसे एक मामले के सिलसिले में 18 नवंबर को हाईकोर्ट जाना था और 19 नवंबर को वापस
आना था। थाना प्रभारी ने कहा कि एसीबी ने उसे किस मामले में गिरफ्तार किया है, इसकी
उन्हें जानकारी नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

