भगवान श्रीकृष्ण पर विवादित टिप्पणी पर पानीपत कोर्ट ने यूपी के मौलाना को जारी किया नोटिस
पानीपत, 25 जुलाई (हि.स.)। भगवान श्रीकृष्ण पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में पानीपत की कोर्ट ने यूपी के इटावा के रहने वाले मौलाना जर्जिस अंसारी को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने मुस्लिम लीगल एड ट्रस्ट इंडिया की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए मौलाना को 12 अगस्त को पेश होने के आदेश दिए हैं। मुस्लिम लीगल एड ट्रस्ट इंडिया के चेयरमैन मोमिन मलिक ने गुरुवार को बताया कि जर्जिस के इस बयान से न केवल हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं, बल्कि मुस्लिम समाज की छवि भी प्रभावित हुई है। उन्होंने बताया कि विवादित वीडियो 23 जून को झारखंड में दिए गए एक भाषण का है।
चतुर्वेदी टाइटल लगाने वाले मौलाना अंसारी नेश्रीमद्भगवद्गीता के एक श्लोक को पढ़ते हुए विवादित बयान दिया था। मौलाना ने कहा था कि भगवान श्रीकृष्ण धर्म से मुस्लिम थे और दिन में पांच वक्त की नमाज पढ़ा करते थे। उन्होंने आगे बताया की यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राम के बड़े भक्त बनते हैं, अगर वे हमारी किताब पढ़ लें तो इस्लाम से मोहब्बत करने लगेंगे। इसके बाद विवाद बढ़ गया था। ट्रस्ट के चेयरमैन मोमिन मलिक के अनुसार, मौलाना जरजिस अंसारी को पहले 24 घंटे के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और अपना बयान वापस लेने की चेतावनी दी गई थी।
उनका कहना है कि निर्धारित समय में माफी या बयान वापस नहीं लेने के बाद ही यह कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। मुस्लिम लीगल एड ट्रस्ट इंडिया के चेयरमैन के अनुसार, मामले में पानीपत कोर्ट ने मौलाना जरजिस अंसारी को नोटिस जारी करते हुए सभी तथ्यों के साथ 12 अगस्त 2026 को कोर्ट में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। अब मामले की अगली सुनवाई उसी दिन होगी। बता दें कि यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। याचिका में लगाए गए आरोपों पर अंतिम निर्णय कोर्ट द्वारा सुनवाई के बाद ही तय होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

