हिसार : सांझ सभ्याचारक कैंप में बच्चों व अभिभावकों ने पंजाबी भाषा के प्रति रुचि दिखाई
हिसार, 05 अक्टूबर (हि.स.)। बच्चे व उनके अभिभावक पंजाबी भाषा को पढऩे व सीखने
के लिये रुचि दिखाने लगे हैं। बाबा जोध सचियार सेवा समिति के तत्वाधान में अग्रसेन
भवन में आयोजित दसवें महान संत समागम एंव सत्संग समारोह के दौरान गेट की एंट्री पर
बाबा बंदा बहादर स्टडी सर्कल, नई दिल्ली की ओर से सांझ सभ्याचारक कैप लगाया हुआ था। इसमें पंजाबी भाषा के उत्थान के लिये कुछ बैनर व चार्ट लगाये हुए थे।
संस्था इंचार्ज भूपेन्द्र सिंह कमला व परमजीत सिंह कमला की ओर से हरियाणा में जगह जगह गुरमत समागमों में इस तरह के कैम्प लगाए जाते है। हिसार में लगे कैंप में भाषा अध्यापक गौरव भुटानी, अमरजीत पाहवा, बंटी भ्याना, पूजा भुटानी, अर्चना भुटानी
व प्रीत भुटानी सेवा देने में लगे थे। स्टॉल पर आने वाले बच्चों व उनके अभिभावकों में
पंजाबी भाषा के प्रति विशेष उत्साह देखा गया। कैम्प आयोजकों ने सिख धर्म का संक्षिप्त
परिचय, दस गुरु साहिबान के नाम, प्रत्यक्ष गुरु, मूल मंत्र, जैकारा, अभिवादन, मूल सिद्धांत,
पांच प्यारे, चार साहिबजादे, पांच तख्त, पांच ककार, अरदास आदि के बारे में जानकारी
दी। आने वाले अभिभावकों ने अपने बच्चों के स्कूलों में भी पंजाबी विषय पढ़ाये जाने
के लिये स्कूलों के प्रबंधकों से बात करने का हामी भरी। मौके पर बच्चों को पंजाबी के
अक्षरों में लिखी वर्णमाला, सतनाम, वाहेगुरु आदि शब्द लिखे कागज की शीट पर रंग भरने
को दिये। बच्चों ने पूरी रुचि के साथ रंग भरे। आयोजकों की ओर से बच्चों को पंजाबी में
लिखी तख्ती, कलर की डिब्बी आदि पुरस्कार रुप में दिये। 200 से अधिक बच्चों ने इस स्टॉल
पर पहुंचकर पंजाबी भाषा को सीखने में रुचि दिखाई।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

