हिसार : पुलिसकर्मी मां की ड्यूटी, बेटे ने खेल मैदान में लहराया परचम, शिवांश ने जीता गोल्ड मेडल
59वीं राज्य स्तरीय स्कूल खेलकूद प्रतियोगिता में अंडर-14 फुटबॉल
में हिसार प्रथम
एसपी सिद्धांत जैन ने शिवांश को दी बधाई
हिसार, 24 सितंबर (हि.स.)। पुलिस के एंटी नारकोटिक सेल में तैनात
मुख्य सिपाही गुडी रानी के पुत्र शिवांश बूरा ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन
करते हुए 59वीं राज्य स्तरीय स्कूल खेलकूद प्रतियोगिता की अंडर-14 फुटबॉल टीम में खेलते
हुए गोल्ड मेडल हासिल किया। प्रतियोगिता में हिसार की अंडर-14 फुटबॉल टीम ने प्रथम
स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।
शिवांश की इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने गुरुवार काे उसे बधाई
देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। एसपी ने कहा कि शिवांश की सफलता मेहनत, अनुशासन
और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। उसकी उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे पुलिस
परिवार को गर्व है।उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन
करते हुए समाज की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे पुलिसकर्मियों के
बच्चे जब खेल, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में प्रतिभा का प्रदर्शन कर उपलब्धियां हासिल
करते हैं तो यह पूरे पुलिस परिवार के लिए गौरव का विषय होता है।
एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व,
टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करते हैं। शिवांश ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता
में शानदार प्रदर्शन कर अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
उन्होंने शिवांश को भविष्य में भी इसी लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित
करते हुए कहा कि यह गोल्ड मेडल उसकी खेल यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। निरंतर अभ्यास
और मेहनत के बल पर वह भविष्य में इससे भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकता है। पुलिस
की ओर से शिवांश बूरा, उसकी माता मुख्य सिपाही गुडी रानी, पूरी अंडर-14 फुटबॉल टीम
और प्रशिक्षकों को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

