home page

जींद : जनता को पारदर्शी, जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता : डा. कृष्ण मिड्ढा

 | 
जींद : जनता को पारदर्शी, जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता : डा. कृष्ण मिड्ढा


जींद, 04 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि सरकार का निरंतर प्रयास है कि जनता को पारदर्शी, जवाबदेह, संवेदनशील और समयबद्ध प्रशासन उपलब्ध करवाया जाए। आज जींद जिले में अभूतपूर्व विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। नई सड़कों, स्वास्थ्य सुविधाओं, शिक्षा व्यवस्था और जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से जींद का नक्शा तेजी से बदल रहा है। आने वाले समय में विकास की यह रफ्तार और तेज होगी। जल्द ही जींद के लोगों को भाखड़ा का स्वच्छ पानी पीने को मिलेगा इस पर भी तेजी से कार्य चला हुआ है।

इसके अलावा लोगों की सुविधा के लिए सड़क तंत्र को और मजबूत करने के लिए जींद को चारों ओर से जोडऩे के लिए बाईपास रोड़ का निर्माण करवाया जाएगा। डिप्टी स्पीकर रविवार को ईंटल कलां गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित सेवा सेतू कैंप के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर विभिन्न प्रशासनिक विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सफल प्रशासनिक एवं लोक सेवा काल के उपलक्ष में पूरे प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इस सेवाकाल के दौरान केंद्र सरकार ने देश के प्रत्येक वर्ग और पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी नीतियों का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाया है। डा. मिड्डा ने कहा कि सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण को ध्यान में रख कर संचालित की जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा