home page

हिसार : एचएयू के तीन विद्यार्थी राज्य स्तरीय एनएसएस अवॉर्ड के लिए चयनित

 | 
हिसार : एचएयू के तीन विद्यार्थी राज्य स्तरीय एनएसएस अवॉर्ड के लिए चयनित


कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने दी बधाई

हिसार, 23 अप्रैल (हि.स.)। यहां के हरियाणा कृषि

विश्वविद्यालय के तीन विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा निदेशालय, हरियाणा द्वारा वर्ष

2023-24 के लिए राज्य स्तरीय एनएसएस पुरस्कारों की घोषणा में अह्म स्थान प्राप्त किया

है। घोषित किए गए परिणामों के अनुसार पुरुष वर्ग में कृषि महाविद्यालय के विक्रम एवं

मोहित बेनीवाल को राज्य एनएसएस पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। वहीं, महिला वर्ग

में इंदिरा चक्रवर्ती सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय की नेहा को इस प्रतिष्ठित सम्मान

के लिए चुना गया है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने

गुरुवार काे इस उपलब्धि के लिए चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना

की है। उन्होंने बताया कि इससे अन्य विद्यार्थियों को भी समाजसेवा के क्षेत्र में आगे

बढऩे की प्रेरणा मिलेगी। यह सम्मान न केवल विद्यार्थियों के व्यक्तिगत समर्पण का प्रतीक

है बल्कि संस्थान की उच्च गुणवत्ता एवं सामाजिक प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। उन्होंने

स्वयंसेवकों से आह्वान करते हुए कहा कि वे विश्वविद्यालय के छात्रों द्वारा किए गए

उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रेरणा लेकर समाज सेवा के कार्यों में बढ़ चढक़र भाग लेने के

लिए आगे आए।

विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण निदेशक डॉ. मदन

खीचड़ ने बताया कि इन स्वयंसेवकों ने सामाजिक सेवा, सामुदायिक विकास, स्वच्छता अभियान,

पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान शिविर, साक्षरता अभियान तथा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों

में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण

प्रस्तुत किया है। गौरतलब है कि इससे पूर्व भी हमारे विद्यार्थियों ने राज्य स्तर पर

ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करके विश्वविद्यालय का नाम रोशन

किया है।

इस अवसर पर ओएसडी डॉ. अतुल ढींगड़ा, डॉ. एसके

पाहुजा, राष्ट्रीय सेवा योजना अवार्डी डॉ. भगत सिंह, डॉ. चन्द्रशेखर डागर, डॉ. दीपक

कौशिक, डॉ. लोचन शर्मा व डॉ. अन्नु उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर