home page

यमुनानगर : संवेदनशील क्षेत्रों में आरएएफ और जिला पुलिस का संयुक्त सुरक्षा अभ्यास

 | 
यमुनानगर : संवेदनशील क्षेत्रों में आरएएफ और जिला पुलिस का संयुक्त सुरक्षा अभ्यास


यमुनानगर, 09 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारी के तहत रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) व जिला पुलिस ने सोमवार को संयुक्त रूप से विशेष सुरक्षा अभ्यास और सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान सुरक्षा बलों ने विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंचकर हालात का आकलन किया और आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई की रणनीतियों का अभ्यास किया। अभ्यास के अंतर्गत आरएएफ के जवानों और जिला पुलिस की संयुक्त टुकड़ियों ने जठलाना, रादौर और बुढ़िया थाना क्षेत्रों में पैदल मार्च और सघन जांच अभियान चलाया। टीमों ने प्रमुख स्थानों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियों का परीक्षण किया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस अभ्यास में आरएएफ के डिप्टी कमांडिंग ऑफिसर सतीश कुमार अपने दल के साथ मौजूद रहे। वहीं संबंधित थाना क्षेत्रों के प्रभारी अधिकारियों तथा पुलिस कर्मियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। पुलिस लाइन से इंस्पेक्टर पृथ्वी सिंह द्वारा लिसनिंग ऑफिसर के रूप में पूरी कार्रवाई पर निगरानी रखी गई। अभ्यास के दौरान जवानों को भीड़ प्रबंधन, कानून व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने पर त्वरित प्रतिक्रिया तथा क्षेत्र में सर्च अभियान चलाने की रणनीति से अवगत कराया गया। सुरक्षा बलों ने विभिन्न स्थानों पर पैदल गश्त कर स्थानीय परिस्थितियों का आकलन किया और आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई की प्रक्रिया का अभ्यास किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस प्रकार के संयुक्त अभ्यास का उद्देश्य सुरक्षा बलों की तत्परता और समन्वय को मजबूत बनाना है, ताकि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। साथ ही महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को भी विशेष रूप से परखा गया। अभ्यास के दौरान पावर हाउस, डैम तथा अन्य महत्वपूर्ण सरकारी स्थलों की सुरक्षा को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों ने जवानों को सतर्कता बरतने, नियमित गश्त बढ़ाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार