home page

यमुनानगर:मौसमी बीमारियों से बचाव को लेकर प्रशासन की अपील, सावधानी बरतने के निर्देश

 | 
यमुनानगर:मौसमी बीमारियों से बचाव को लेकर प्रशासन की अपील, सावधानी बरतने के निर्देश


यमुनानगर, 08 अप्रैल (हि.स.)। गर्मी और आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए यमुनानगर जिला प्रशासन ने नागरिकों से स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां अपनाने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि इस अवधि में जलजनित और संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका बढ़ जाती है, जिन्हें सतर्कता से रोका जा सकता है। उपायुक्त प्रीति ने बुधवार को बताया कि लोगों को स्वच्छ पेयजल का उपयोग सुनिश्चित करना चाहिए। पानी को उबालकर या शुद्धिकरण के बाद ही सेवन करना सुरक्षित रहता है। उन्होंने व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि भोजन से पहले और बाद में तथा अन्य आवश्यक परिस्थितियों में हाथों की सफाई अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने चेतावनी दी कि खुले में गंदगी, दूषित खाद्य पदार्थ और असुरक्षित जल स्रोत कई बीमारियों को जन्म देते हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि वे सड़े-गले खाद्य पदार्थों से दूरी बनाए रखें और पेयजल स्रोतों को स्वच्छ रखें।

वर्षा ऋतु के मद्देनजर जलभराव को भी गंभीर खतरा बताया गया है। उन्होंने कहा कि घरों और आसपास ऐसे स्थान न बनने दें जहां पानी लंबे समय तक जमा रहे, क्योंकि इससे मच्छरों का प्रजनन होता है और डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ता है। प्रशासन ने मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी के उपयोग और साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी है। साथ ही घरों में पानी की टंकियों की नियमित सफाई और खाद्य सामग्री को ढककर रखने पर बल दिया गया है। उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है, लेकिन जनसहयोग के बिना इन प्रयासों को सफल बनाना संभव नहीं है। उन्होंने युवाओं से भी आगे आकर समाज में जागरूकता फैलाने और स्वच्छता अभियान में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार